बड़ा ऐलानः धामी को पार्टी बनाए सीएम, छोड़ दूंगा सीटः कैलाश गहतोड़ी - Shaurya Mail

Breaking News

बड़ा ऐलानः धामी को पार्टी बनाए सीएम, छोड़ दूंगा सीटः कैलाश गहतोड़ी

 बड़ा ऐलानः धामी को पार्टी बनाए सीएम, छोड़ दूंगा सीटः कैलाश गहतोड़ी

बड़ा ऐलानः धामी को पार्टी बनाए सीएम, छोड़ दूंगा सीटः कैलाश गहतोड़ी

 

देहरादून/चम्पावत। चम्पावत से दोबारा जीत दर्ज करने वाले भाजपा प्रत्याशी कैलाश गहतोड़ी ने सीएम धामी के लिए सीट छोड़ने की पेशकश की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा सीट से चुनाव हार गए हैं, यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण हैं, लेकिन उनके नेतृत्व में भाजपा ने लगातार दूसरी बार राज्य में अपनी सरकार बनाई है। छह माह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने प्रदेश में कई अहम कार्य किए। यही वजह है कि प्रदेश में भाजपा फिर से सरकार बनाने जा रही है। उनके छह माह में किए विकास कार्यों को देखते हुए मैं पार्टी से उन्हें फिर से मुख्यमंत्री बनाने की मांग करता हूं। अगर वह सीएम बनते हैं तो उनके लिए मैं अपनी सीट छोडने के लिए तैयार हूं।

चर्चा है कि भाजपा पुष्कर सिंह धामी को किसी सुरक्षित सीट से दोबारा चुनाव लड़ाकर उन्हें मुख्यमंत्री बनाना चाहती है। गुरुवार को चुनाव जीतने के बाद कैलाश गहतोड़ी ने बताया कि दुर्भाग्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुनाव हार गए हैं, लेकिन उन्होंने भाजपा की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग किया। धामी को काफी कम मात्र छह माह का कार्यकाल मिला लेकिन उन्होंने अपनी नीतियों और कार्यों से भाजपा को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। गहतोड़ी ने कहा कि पार्टी को पुष्कर सिंह धामी को ही मुख्यमंत्री बनाना चाहिए। उनके लिए वे चम्पावत की सीट छोडऩे को तैयार हैं। प्रदेश की जनता भी उन्हें ही मुख्यमंत्री देखना चाहती है। विधायक गहतोड़ी ने कहा कि यह खटीमा क्षेत्र का दुर्भाग्य रहा कि एक यशस्वी और युवा मुख्यमंत्री को हार का मुंह देखना पड़ा है। उनकी हार से खटीमा क्षेत्र की जनता भी दुखी है। कैलाश गहतोड़ी ने कहा कि उत्तराखंड में दूसरी बार भाजपा की सरकार बनी है, राज्य में विकास को गति देने के लिए धामी जैसे युवा नेता को फिर से मुख्यमंत्री बनाया जाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि वे अपने विधान सभा क्षेत्र की जनता से भी निवेदन करते हैं कि यदि पार्टी ने पुष्कर सिंह धामी को चम्पावत सीट से चुनाव लड़ाने का निर्णय लिया तो वे उन्हें भारी से भारी मतों से विजयी बनाए ताकि विधान सभा क्षेत्र के साथ पूरे राज्य का विकास हो सकें।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!