बड़कोट, पुरोला व चिन्यालीसौड़ महाविद्यालय का होगा उच्चीकरण : मुख्यमंत्री धामी - Shaurya Mail

Breaking News

बड़कोट, पुरोला व चिन्यालीसौड़ महाविद्यालय का होगा उच्चीकरण : मुख्यमंत्री धामी

 बड़कोट, पुरोला व चिन्यालीसौड़ महाविद्यालय का होगा उच्चीकरण : मुख्यमंत्री धामी

उत्तराखंड(उत्तरकाशी),गुरुवार 15 अक्टूबर 2026

सेवा सेतु अभियान के तहत गुरूवार को बर्नीगाड़ पहुंचे सीएम धामी ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का उद्घाटन कर क्षेत्रवासियों को उच्च शिक्षा की सौगात दी है। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के भवन व कैंपस निर्माण को जल्द शुरू करने के साथ ही राजकीय महाविद्यालय बड़कोट, पुरोला एवं चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत किए जाने की भी घोषणा की।

कहा कि महाविद्यालय का शुभारंभ क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक अहम कदम है। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मुहैया होंगे।

सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरूवार को राइंका बर्नीगाड़ (कुंवा)में आयोजित शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान सीएम ने 215 करोड़ रुपये की लागत की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया और कहा कि ये योजनाएं क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेंगी।

इसके साथ ही आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और पर्यटन को बढ़ावा देंगी। वहीं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। कहा कि बर्नीगाड़ महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध हो गई है और स्थायी भवन का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का कार्य केवल योजनाएं बनाना और आदेश जारी करना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान इसी संकल्प का प्रतीक है। जिससे आम नागरिकों को अपने कार्यों के लिए बार-बार तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें तथा सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है। कहा कि पीएम मोदी के दूरदर्शी सोच में गरीबों, किसानों, युवाओं, सैनिकों और मातृशक्ति का सशक्तीकरण प्रमुख स्थान रखता है।

लखपति दीदी योजना के अंतर्गत उत्तराखंड में 3.10 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। चारधाम यात्रा में इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं इस बार 59 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा में दर्शन किए है। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और विभागों के विभिन्न लाभार्थियों को चेक एवं उपकरण वितरित किए साथ ही विभागीय अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं आमजन को मिल रहे लाभों की जानकारी ली।

इस मौके पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने सीएम पुष्कर सिंह धामी का बर्नीगाड़ आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार जनकल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लगभग 215 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं तथा राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के उद्घाटन से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

यह की घोषणाएं – 

गुरूवार को बर्नीगाड़ पहुंचे सीएम ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के भवन और कैम्पस के निर्माण को जल्द शुरू करने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने, बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग के निर्माण,डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल और सड़क का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने, तथा राजकीय महाविद्यालय बड़कोट, पुरोला एवं चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत किए जाने की घोषणा की।

इस अवसर पर जिपं अध्यक्ष रमेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, जिलाध्यक्ष भाजपा नागेन्द्र चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री श्याम डोभाल, जगत सिंह चौहान, लक्ष्मण सिंह भंडारी, पूर्व विधायक मालचंद, नारायण सिंह चौहान, नवीन ठाकुर, सत्येंद्र राणा, महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, किरण रावत, जगमोहन चंद, अनिल चौहान, ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, ममता पंवार, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, प्राचार्य पंकज पंत सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!