आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के भविष्य की नींव : रेखा आर्या - Shaurya Mail

Breaking News

आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के भविष्य की नींव : रेखा आर्या

 आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के भविष्य की नींव : रेखा आर्या

उत्तराखंड(हरिद्वार),शनिवार 26 सितंबर 2026

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में माताओं, बहनों, किशोरियों और नन्हे बच्चों से संवाद किया। उन्होंने लाभार्थियों की समस्याएं और आवश्यकताएं जानीं तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी ली।

कार्यक्रम के दौरान फेरुपुर न्याय पंचायत के चांदपुर प्रथम, द्वितीय और तृतीय आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े 202 लाभार्थियों को महालक्ष्मी, तेजस्विनी, रोजगार और पोषण किट समेत विभिन्न लाभकारी किट वितरित की गईं। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा बहनों को सम्मानित किया गया।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं सरकार और लाभार्थी परिवारों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और जागरूकता के क्षेत्र में उनके प्रयासों से योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाली कर्मियों को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकता है।

सात महिलाओं की हुई गोद भराई, बच्चों का कराया अन्नप्राशन

कार्यक्रम में सात गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म कराई गई। इसके साथ ही नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और पोषण के महत्व पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र तृतीय का शुभारंभ किया। उन्होंने केंद्र में बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। मंत्री को अपने बीच देखकर बच्चे भी उत्साहित नजर आए।

रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल सरकारी योजनाओं के संचालन का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य की बुनियाद तैयार करने वाले महत्वपूर्ण केंद्र हैं। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने में इनकी अहम भूमिका है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार का लक्ष्य है कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र लाभार्थी तक पहुंचे।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मेयर किरण जैसल, ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी अविनाश भदौरिया, बाल विकास परियोजना अधिकारी गीता शर्मा, सुलेखा सहगल, वर्षा शर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति गुप्ता, मंडल अध्यक्ष राकेश सैनी सहित विभागीय अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!