कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार में पीएनजी के सभी कार्य पूरे हों : मुख्य सचिव - Shaurya Mail

Breaking News

कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार में पीएनजी के सभी कार्य पूरे हों : मुख्य सचिव

 कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार में पीएनजी के सभी कार्य पूरे हों : मुख्य सचिव

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 24 अगस्त 2026

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में प्रदेश में बिछाई जा रही पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) पाइपलाइन और कनेक्शन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों, गैस कंपनियों और जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने गैस कंपनियों और संबंधित एजेंसियों को कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम समाप्त होने और सड़क खुदाई की अनुमति मिलते ही पीएनजी पाइपलाइन बिछाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। विशेष रूप से हरिद्वार में कुंभ-2027 से पहले पीएनजी से संबंधित सभी आवश्यक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी जिलों में संबंधित एजेंसियों को अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा, ताकि जिन क्षेत्रों में नई सड़कें अथवा अन्य निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं, वहां पहले से ही पीएनजी पाइपलाइन का प्रावधान किया जा सके। इससे भविष्य में बार-बार सड़क खोदने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और समय एवं संसाधनों की बचत होगी।

मुख्य सचिव ने आपूर्ति विभाग को पीएनजी इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए गैस कंपनियों को भूमि आवंटन, किराये और लीज पर भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में स्पष्ट नीति शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे विभिन्न जिलों में पीएनजी प्लांट और अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचे के लिए भूमि हस्तांतरण से जुड़ी समस्याओं का समाधान होगा।

उन्होंने प्रस्तावित नीति में रोड कटिंग और रोड डिगिंग नीति को भी शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों एवं अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों को निर्धारित शर्तों के अनुसार पूर्व स्वरूप में लाने का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा।

मुख्य सचिव ने प्रत्येक एजेंसी को विस्तृत टाइमलाइन और टाइमफ्रेम तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना पूरी होने तक प्रत्येक सप्ताह के लक्ष्य निर्धारित किए जाएं और साप्ताहिक प्रगति के आधार पर कार्यों की समीक्षा की जाए।

उन्होंने केंद्र सरकार की गोवर्धन योजना के तहत उपलब्ध सब्सिडी का लाभ लेने की दिशा में भी प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने को कहा।

बैठक में अपर सचिव रूचि मोहन रयाल, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, आयुक्त खाद्य एवं आपूर्ति बीएल राणा, अपर आयुक्त पीएस पांगती सहित विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!