मन की बात में माणा-बगोरी के उल्लेख को धामी ने बताया उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय - Shaurya Mail

Breaking News

मन की बात में माणा-बगोरी के उल्लेख को धामी ने बताया उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय

 मन की बात में माणा-बगोरी के उल्लेख को धामी ने बताया उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 27 सितंबर 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 138वां संस्करण सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा ‘मन की बात’ में उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों का विशेष उल्लेख किया जाना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देशवासियों के सकारात्मक प्रयासों, उपलब्धियों और प्रेरक कार्यों को राष्ट्रीय मंच देने के साथ लोगों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश में जनगणना के प्रथम चरण के तहत उत्तराखंड के दुर्गम और बर्फीले क्षेत्रों में भी हो रहे कार्यों का उल्लेख किया।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने चमोली जिले के देश के प्रथम गांव माणा का विशेष उल्लेख करते हुए बताया कि यहां जनगणना की शुरुआत 83 वर्षीय पूर्णिमा रावत से की गई। इसके अलावा उत्तरकाशी जिले के बगोरी गांव का भी उल्लेख किया गया, जहां होमस्टे संचालक हरदेव सिंह राणा ने डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर स्व-गणना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माणा और बगोरी जैसे सीमांत गांवों के उदाहरण देश के सामने आना उत्तराखंड के लिए सम्मान की बात है। यह सीमांत क्षेत्रों में हो रहे बदलाव, डिजिटल जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में स्थानीय लोगों की भागीदारी को भी दर्शाता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से जनगणना में सही जानकारी दर्ज कराने और इस राष्ट्रीय दायित्व में पूर्ण सहयोग करने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में वर्ष 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक के दस वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए भारतीय सेना के शौर्य और आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ नीति को रेखांकित किया। उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्त युवा अभियान, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, पोषण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर भी जनभागीदारी का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन उत्तराखंड के लिए भी महत्वपूर्ण विषय हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के संदेशों को आत्मसात कर विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, अन्य जनप्रतिनिधि और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!