रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस का शुभारंभ, सप्ताह में दो दिन चलेगी ट्रेन
उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 18 जुलाई 2026
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। फिलहाल यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन संचालित होगी।
इस मौके पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने के साथ-साथ पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी। उन्होंने कहा कि यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो इस ट्रेन का संचालन भविष्य में प्रतिदिन किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 से अब तक उत्तराखंड को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने के लिए 20 नई अथवा विस्तारित रेल सेवाएं शुरू की गई हैं। साथ ही राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नई रेल सेवा केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच विकास, संपर्क और अवसरों की नई जीवनरेखा साबित होगी। यह ट्रेन रामनगर से देहरादून के बीच काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए चलेगी, जिससे कुमाऊं, गढ़वाल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। इससे यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों को लाभ मिलेगा।
धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड में रेलवे अवसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना अंतिम चरण में है, जबकि प्रदेश को दो वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिल चुकी है। वर्ष 2026-27 में उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट मिला है और राज्य में लगभग 39 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न रेल परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है।
कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, अरविंद पांडे तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।