खिलाड़ियों के लिए आउट ऑफ टर्न भर्ती की अधिसूचना अगस्त तक - Shaurya Mail

Breaking News

खिलाड़ियों के लिए आउट ऑफ टर्न भर्ती की अधिसूचना अगस्त तक

 खिलाड़ियों के लिए आउट ऑफ टर्न भर्ती की अधिसूचना अगस्त तक

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 16 जून 2026

उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को जल्द ही आउट ऑफ टर्न नौकरी का लाभ मिलने जा रहा है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को अगस्त माह तक इसकी अधिसूचना जारी करने के निर्देश दिए हैं।

मंगलवार को सचिवालय स्थित एफआरडीसी सभागार में आयोजित खेल विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नौकरी देने की प्रक्रिया में अब और विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने इस कार्य को विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में खेल विश्वविद्यालय की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय का शैक्षिक सत्र शुरू करने के लिए आवश्यक नियुक्तियां शीघ्र पूरी की जाएं। उन्होंने बताया कि प्रथम सत्र में संचालित किए जाने वाले विषयों का चयन किया जा चुका है।

रेखा आर्या ने बताया कि लोहाघाट स्थित महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जुलाई से यहां पहला शैक्षिक सत्र प्रारंभ होगा। इसके अलावा 39 वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि ट्रायल और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए विभाग जल्द उत्तराखंड ओलंपिक संघ के साथ बैठक करे।

बैठक में नई खेल नीति तैयार करने और राज्य के प्रत्येक ब्लॉक में मिनी स्टेडियम स्थापित करने की योजनाओं को भी तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। समीक्षा बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा,खेल निदेशक दीप्ति सिंह और उपनिदेशक शक्ति सिंह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!