मुख्यमंत्री धामी ने 29.78 करोड़ की तीन योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया
उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 03 जून 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश में अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति बैठक में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 29 करोड़ 78 लाख की तीन योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इसमें 23 करोड़ 15 लाख की एक योजना का लोकार्पण और 6 करोड़ 63 लाख की दो योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न शहरों के महापौर का स्वागत करते हुए कहा कि सभी महापौर अपने शहर के प्रथम नागरिक और शहरवासियों की आशाओं, अपेक्षाओं और विश्वास के भी प्रतिनिधि हैं। आपके निर्णय का प्रभाव आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि देश की आत्मा गांवों में बसती है, तो नागरिकों के सपने, उनकी आकांक्षाएं और उनके भविष्य की संभावनाएं शहरों में आकार लेती हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। प्रधानमंत्री ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण पलों को उत्तराखंड में बिताया है। वे उत्तराखंड के प्रत्येक क्षेत्र से भली भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इस वर्ष चारधाम यात्रा में अब तक 45 दिनों में 30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने यात्रा की है, जो एक नया रिकॉर्ड है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं की यात्रा सरल, सुगम और सुरक्षित हो। उन्होंने कहा कि पहले आदि कैलाश के लिए 500 लोग आते थे। इस वर्ष यात्रा शुरू होने से अब तक प्रति दिन करीब 1000 लोग आदि कैलाश पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि मां पूर्णागिरि मंदिर में भी 24 लाख लोगों ने दर्शन कर लिए हैं। बीते चार साल में 23 करोड़ से ज्यादा पर्यटक उत्तराखंड आ चुके हैं।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत में शहरी विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। आज स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से देश के लाखों शहरों में साफ-सफाई की नई संस्कृति विकसित हुई है। स्मार्ट सिटी मिशन द्वारा आधुनिक एवं सुव्यवस्थित शहरी विकास का मॉडल विकसित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीब परिवारों का घर का सपना साकार हुआ है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी वालों को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देवभूमि उत्तराखंड के शहरों के विकास को नई गति दी जा रही है। उत्तराखंड में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत प्रत्येक नगर में ठोस कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन, खुले में शौच मुक्त अभियान और लीगेसी वेस्ट प्रबंधन जैसी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उत्तराखंड के प्रत्येक नागरिक को दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों के गरीब परिवारों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में पहली बार नगर निकायों में अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए गए हैं। राज्य में निराश्रित गोवंशों को आश्रय प्रदान करने के उद्देश्य से आश्रय योजना प्रारम्भ की है। स्थानीय निकायों में श्वानों की बढ़ती संख्या की रोकथाम के लिए एनिमल बर्थ कंट्रोल योजना की शुरुआत की है। हरित क्षेत्रों के विकास और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि विकसित भारत 2047 की तर्ज पर प्रदेश सरकार भी विकसित उत्तराखंड को आगे बढ़ने का काम कर रही है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक शश प्रेमचंद्र अग्रवाल, महापौर शंभू पासवान, रेनू बाला गुप्ता, आशुतोष व देशभर के विभिन्न शहरों से महापौर उपस्थित थे।