मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए मां कालिका मंदिर में की पूजा - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए मां कालिका मंदिर में की पूजा

 मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए मां कालिका मंदिर में की पूजा

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 23 मार्च 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर सोमवार को देहरादून के पलटन बाजार स्थित मां कालिका मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि,शांति एवं खुशहाली के लिए मां भगवती से प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देशभर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के पुनरोद्धार के लिए व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पुनर्जागरण के नए चरण में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण को देश की आस्था और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बताया। साथ ही उत्तराखंड में बद्रीनाथ धाम के पुनर्विकास के लिए चल रहे मास्टर प्लान और केदारनाथ धाम में आपदा के बाद हुए पुनर्निर्माण कार्यों को वैश्विक स्तर पर उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि का पर्व शक्ति, श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है,जो सकारात्मक ऊर्जा, आत्मबल और समाज में एकता व समरसता का संदेश देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुखद, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की कामना करते हुए मां कालिका का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रत्येक वर्ग तक लाभ पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि माँ भगवती की कृपा से प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। मंदिर परिसर में इस अवसर पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या मौजूद रही। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से संवाद कर उन्हें नवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में किसी भी प्रकार का जनसंख्या असंतुलन नहीं होने दिया जाएगा और राज्य की मूल पहचान की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मां भगवती की कृपा से भारत तेजी से प्रगति कर रहा है और वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास,स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!