दरबार साहिब में आस्था का सैलाब, देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद - Shaurya Mail

Breaking News

दरबार साहिब में आस्था का सैलाब, देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

 दरबार साहिब में आस्था का सैलाब, देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 08 मार्च 2026

ऐतिहासिक श्री दरबार साहिब में रविवार को आस्था का महासागर उमड़ पड़ा। श्री गुरु राम राय जी महाराज के पावन जन्मोत्सव पर आयोजित श्री झण्डा साहिब के आरोहण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पवित्र ध्वज के समक्ष शीश नवाया।

सज्जादा गद्दीनशीन महंत देवेन्द्र दास महाराज के संदेश के साथ ही आरोहण की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। ठीक शाम 4 बजकर 12 मिनट पर 94 फीट ऊंचे पवित्र श्री झण्डे जी का विधिवत आरोहण संपन्न हुआ। इस दौरान “जय श्री गुरु राम राय जी महाराज” के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा और ढोल-नगाड़ों की थाप पर संगतें झूम उठीं। इसके साथ ही ऐतिहासिक श्री झण्डा जी मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया।

इससे पूर्व सुबह 7 बजे से विशेष पूजा-अर्चना शुरू हुई। 8:30 बजे पवित्र ध्वज दंड को उतारकर दूध, घी, शहद, गंगाजल और पंचगव्य से अभिषेक किया गया। इसके बाद सादे और शनील के गिलाफ चढ़ाने की परंपरा निभाई गई। पूरी प्रक्रिया के दौरान ध्वज को भूमि पर नहीं रखा गया, बल्कि संगतों ने अपने हाथों पर थामे रखा।

दोपहर करीब 1:30 बजे दर्शनी गिलाफ चढ़ाने की प्रक्रिया आरंभ होते ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। हजारों भक्तों ने गिलाफ को स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। नए मखमली वस्त्रों और सुनहरे गोटों से सुसज्जित ध्वज के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।

आरोहण के पश्चात एक बाज द्वारा श्री झण्डे जी की परिक्रमा को श्रद्धालुओं ने शुभ संकेत के रूप में देखा।

मेले में उत्तराखंड सहित उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश से संगतें पहुंचीं। विदेशों से आए श्रद्धालुओं ने भी इस पावन अवसर पर मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने दरबार साहिब स्थित पवित्र सरोवर में स्नान भी किया।

इस वर्ष आयोजन को व्यापक रूप देने के लिए पांच बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गईं तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया। ड्रोन कैमरों से मेले की कवरेज भी की गई।

श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने देश एवं प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मेला प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देता है। मेला आयोजन समिति ने सफल आयोजन के लिए पुलिस, प्रशासन, मीडिया और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!