स्वास्थ्य मंत्री ने किया पल्स एनीमिया महा अभियान का शुभारंभ - Shaurya Mail

Breaking News

स्वास्थ्य मंत्री ने किया पल्स एनीमिया महा अभियान का शुभारंभ

 स्वास्थ्य मंत्री ने किया पल्स एनीमिया महा अभियान का शुभारंभ

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 03 फ़रवरी 2025

उत्तराखंड में गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की रोकथाम और उनके स्वास्थ्य में सुधार के लिए आज पल्स एनीमिया महा अभियान शुरू कर दिया गया है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अभियान का शुभारंभ किया।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर, रायपुर, देहरादून में महा अभियान के शुभारंभ पर गर्भवती महिलाओं को पोषण किट वितरित की गई। किट वितरण का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार के लिये जागरुक करना है। इस अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि पल्स एनीमिया महा अभियान प्रदेश में मातृ मृत्यु दर को कम करने, मातृ स्वास्थ्य में सुधार लाने और गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की रोकथाम के लिए एक स्थायी ढांचा स्थापित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पहल स्थानीय समुदायों को जागरूक करने और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परिणामों को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

डॉ रावत ने बताया टी-4 रणनीति पर आधारित यह पल्स एनीमिया महा अभियान टेस्ट, टॉक, ट्रीट और ट्रैक के सिद्धांतों पर कार्य करेगा। सभी गर्भवती महिलाओं की एनीमिया की स्क्रीनिंग (टेस्ट) की जाएगी। एनीमिया की रोकथाम और पोषण पर परामर्श दिया जाएगा, जिसमें आयरन युक्त खाद्य पदार्थों और विटामिन-सी के महत्त्व पर जोर (टॉक) दिया जाएगा। समय पर उपचार की सुविधा उपलब्ध हाेगी, जिसमें (ट्रीट )आयरन थेरेपी, ब्लड ट्रांसफ्यूजन आदि शामिल हैं। गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी (ट्रैक) रखी जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य कर्मियों, एएनएम, चिकित्सा अधिकारियों, पात्र लाभार्थियों और समुदाय के लोगों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यह एक सामूहिक प्रयास है, जो उत्तराखंड को एक स्वस्थ और समृद्ध राज्य की ओर अग्रसर करेगा।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि पल्स अनीमिया महा अभियान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 3 फरवरी से 10 फरवरी तक प्रदेशभर में 1,874 से अधिक स्क्रीनिंग केंद्रों और 165 उपचार केंद्रों के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को स्क्रीनिंग, उचित उपचार और पोषण संबंधी जागरूकता प्रदान की जा रही है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन कंट्री हेड-भूटान डॉ. भूपेंद्र कौर औलख ने बताया गया कि व्यक्तिगत स्तर पर पोषण शिक्षा, स्वस्थ जीवनशैली के विकल्पों को बढ़ावा देना और एनीमिया की रोकथाम के लिए जागरूकता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। पल्स एनीमिया महा अभियान शुभारंभ कार्यक्रम में निदेशक, राष्ट्रीय कार्यक्रम डॉ. चन्द्र प्रकाश त्रिपाठी, निदेशक, एनएचएम डॉ. मनु जैन, डॉ. तृप्ति बहुगुणा, डॉ. रिया आहूजा, डॉ. उमा रावत, डॉ. अजय नगरकर, डॉ. नितिन अरोड़ा आदि मौजूद रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!