राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के प्रस्तावों पर मुख्य सचिव ने दिया अनुमोदन - Shaurya Mail

Breaking News

राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के प्रस्तावों पर मुख्य सचिव ने दिया अनुमोदन

 राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के प्रस्तावों पर मुख्य सचिव ने दिया अनुमोदन

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 10 अक्टूबर 2024

उत्तराखंड शासन की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने अधिकारियों को एसडीआरएफ (राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि) के तहत होने वाले विभिन्न सुरक्षात्मक एवं पुर्ननिर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्धता को प्राथमिकता देने की सख्त हिदायत दी है।

राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के प्रस्तावों पर अनुमोदन के लिए सचिवालय में बुधवार को मुख्य सचिव राधा रतूड़ी की अध्यक्षता में गठित राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक हुई। बैठक में मुख्य सचिव ने बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों के साथ नदियों के नियमित चैनलाइजेशन करने के निर्देश दिए हैं। जोखिमपूर्ण क्षेत्रों में आबादी की सुरक्षा को शीर्ष प्राथमिकता पर रखने के निर्देश देते हुए मुख्य सचिव ने तटबंधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कटाव स्थलों पर त्वरित कार्यवाही करने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को जमीनी स्तर पर नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

रतूड़ी ने राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के तहत क्षतिग्रस्त केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग के सुरक्षात्मक कार्यों, रुद्रप्रयाग में ऊखीमठ के बेडुला तिमली तोक व सरूणा गांवों की मधुगंगा नदी से कटाव सुरक्षा योजना, ऊखीमठ के पैज गांव की आवासीय बस्ती के समीप वैज-करोखी मोटर मार्ग पर भू-धंसाव एवं भू-स्खलन की रोकथाम के लिए सुरक्षा योजना, राजकीय इंटर कालेज वैडा के समीप हो रहे भूस्खलन एवं आकाश कामिनी नदी से कटाव सुरक्षा योजना, सीतापुर बाजार की पातीगाड एवं मंदाकिनी नदी के दाएं तट से कटाव सुरक्षा योजना, सोनप्रयाग में सोन नदी के बाएं तट पर बिजली घर पर बाढ़ सुरक्षा कार्यों, सोनप्रयाग में सोन व मंदाकिनी नदी के संगम में डाउन स्ट्रीम में निर्मित योजनाओं के सुरक्षात्मक कार्यों, ऊखीमठ की मंगोली आवासीय बस्ती की कुपडा गदेरे से कटाव सुरक्षा योजना, उत्तरकाशी के बड़कोट के बनास गांव में आबादी के बचाव के लिए सुरक्षात्मक कार्यों, उधमसिंह नगर के सितारगंज में निर्मल नगर को बैगुल नदी की बाढ़ से बचाने के लिए बाढ़ सुरक्षा योजना जैसे विभिन्न प्रस्तावों पर अनुमोदन दिया।

बैठक में सचिव शैलेश बगौली, डा. आर. राजेश कुमार, आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन सहित लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग के अधिकारी व जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग एवं उधमसिंह नगर मौजूद थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!