चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाएं : मुख्यमंत्री - Shaurya Mail

Breaking News

चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाएं : मुख्यमंत्री

 चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाएं : मुख्यमंत्री

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 12 जून 2024

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों और जिलाधिकारियों से समन्वय बनाने के साथ स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा प्राधिकरण बनाने के लिए कर्तव्य और दायित्व निर्धारित करने और यात्रा मार्गों पर 42 सीटर तक की बसों का संचालन सुनिश्चित करने को कहा है।

मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिये कि चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारियों से समन्वय बनाकर रखें। समय-समय पर उच्चाधिकारी यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करें और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए जिलाधिकारियों का सहयोग करें। मुख्यमंत्री ने यात्रा प्राधिकरण बनाने के लिए कर्तव्य और दायित्व निर्धारित करने के निर्देश दिए। इसमें प्रशासन, मंदिरों, ट्रासपोर्टस, टूर एजेंटो एवं अन्य संबंधित पक्षों के साथ बैठक की जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर 42 सीटर तक की बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।

बैठक में गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय ने कहा कि चारधाम यात्रा के लिए ऋषिकेश और हरिद्वार में श्रद्धालुओं का बैकलॉग खत्म हो गया है। जो भी श्रद्धालु आ रहे हैं, उनका पंजीकरण कर चारधाम यात्रा पर भेजा जा रहा है। पंजीकरण की संख्या अब सीमित नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्वेस्टर समिट के दौरान जो निवेश प्राप्त हुए हैं, उनके क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए। ऐसे निवेश प्रस्तावों को पहले प्राथमिकता में रखा जाए, जो राज्य की परिस्थितियोंके अनुकूल हों तथा स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ने में सहायक हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन और दिल्ली-देहरादून एलीवेटेड रोड के अन्तर्गत राज्य में टनल निर्माण में लगी कार्यदायी संस्थाओं के साथ बैठक बुलाई जाए और निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाय।

मुख्यमंत्री ने 108 कॉल न उठने की खबर का लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री ने बेतालखाट,नैनीताल में पिकअप पलटने पर घायलों की ओर से 108 को कॉल करने पर फोन न उठने की खबर का संज्ञान लेते हुए सचिव स्वास्थ्य को निर्देश दिये कि इस मामले की जांच की जाए। यदि यह खबर सही है तो इसके प्रति जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!