श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ राज्य की आर्थिकी का बेहतर अवसर, मोबाइल पर प्रतिबंध उचित : महेंद्र भट्ट - Shaurya Mail

Breaking News

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ राज्य की आर्थिकी का बेहतर अवसर, मोबाइल पर प्रतिबंध उचित : महेंद्र भट्ट

 श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ राज्य की आर्थिकी का बेहतर अवसर, मोबाइल पर प्रतिबंध उचित : महेंद्र भट्ट

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 18 मई 2024

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने चारधाम यात्रा के लिए रिकॉर्ड तोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने को देवभूमि की आर्थिकी के लिए सुनहरा अवसर बताया है। यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में सबकी सहभागिता बेहद जरूरी है। ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर मुख्यमंत्री धामी ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि वह व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने मे जुटे हैं। यह सबके लिए अनुकरणीय है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने केदार धाम परिसर में मोबाइल के प्रयोग को सबकी आस्था के सम्मान में व्यवहारिक निर्णय बताया है। साथ ही कहा कि सुचारू एवं व्यवस्थित यात्रा का ये सफर विकसित उत्तराखंड की मंजिल की तरफ ले जाने वाला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी यात्रा व्यवस्थाओं की खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं। व्यवस्थाएं बेहतर हैं तो वहीं श्रद्धालुओं में उत्साह है। सीएम एक ओर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे रहे हैं तो वहीं जीरो ग्राउंड पर जाकर यात्रियों से फीड बैक ले रहे हैं। यह आम जन और श्रद्धालुओं में उत्साह भरने वाला कदम है।

भाजपा अध्यक्ष ने चारधाम यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन की व्यवस्था को संतोषजनक बताया। लिहाजा सरकार के साथ हम सभी सवा करोड़ देवभूमिवासियों का भी दायित्व है कि वे राज्य की मेहमाननवाजी का उत्कृष्ट उदाहरण दें। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए भी पंजीकरण के अनुसार ही यात्रा की अनुमति का पार्टी की तरफ से स्वागत किया है। स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं की भी यात्रा की व्यवस्था, परंपरा और पवित्रता को बनाए रखने की जिम्मेदारी है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से तय नियमावली का पालन करें ताकि यात्रा सुगम एवं सुरक्षित होने के साथ सफल भी हो।

उन्होंने केदारधाम परिसर में मोबाइल के प्रयोग पर रोक को जरूरी बताते हुए सभी तीर्थयात्रियों से अनुरोध किया यह व्यवस्था आपके लिए है और आपके सहयोग के बिना संभव नहीं है। नकारात्मक और भ्रमात्मक वीडियो के प्रचार प्रसार से बचें, जो हमारी सनातन संस्कृति एवं देवभूमि की छवि को प्रभावित करती हो। सभी मानकों के अनुसार स्वास्थ्य परीक्षण कराकर यात्रा में शामिल हों और अवैध सोशल साइटों के प्रचार में न आकर आर्थिक जोखिम से भी बचें।

महेंद्र भट्ट ने विपक्ष से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि इस बार सफल व सुरक्षित यात्रा, पर्यटन एवम तीर्थाटन प्रदेश बनने के हमारे सपने को पूरा करने वाली साबित होगी। क्योंकि सुचारू एवं व्यवस्थित यात्रा का ये सफर आने वाले सालों में विकसित उत्तराखंड की मंजिल पर लेकर जाने वाला है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!