मुख्यमंत्री के जनसंवाद शिविर में 1,737 आवेदन, 172 का मौके पर निस्तारण - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री के जनसंवाद शिविर में 1,737 आवेदन, 172 का मौके पर निस्तारण

 मुख्यमंत्री के जनसंवाद शिविर में 1,737 आवेदन, 172 का मौके पर निस्तारण

उत्तराखंड(चमोली),बुधवार 15 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज गोपेश्वर के पुलिस मैदान में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में आमजन की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कराया। इस दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता सामग्री, स्वीकृति पत्र और वित्तीय सहायता भी वितरित की गई।

शिविर में 7,472 लोगों ने भाग लिया। विभिन्न विभागों को प्राप्त 1,737 आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके अलावा 203 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 172 का तत्काल समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। शिविर के माध्यम से 4,632 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला।

कार्यक्रम के दौरान विकासखंड नंदानगर के ग्राम खलतरा निवासी सरिता देवी ने झंगोरा मड़ाई एवं प्रसंस्करण मशीन की मांग रखी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कृषि विभाग ने शिविर स्थल पर ही उन्हें झंगोरा प्रोसेसिंग मशीन उपलब्ध कराई।

मुख्यमंत्री ने अन्य मामलों में भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। लिलियम फूलों की खेती के लिए बीज उपलब्ध कराने, पोल्ट्री हट स्वीकृत करने, लोक निर्माण विभाग में लंबित ठेकेदारी पंजीकरण का निस्तारण करने तथा एप्पल मिशन के तहत सेब के पौधे एवं एंटी-हेल नेट उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से शासन स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।

शिविर में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण, कृषि, सहकारिता, पशुपालन और उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सहायता सामग्री और वित्तीय सहायता प्रदान की गई। कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली दो किसान उत्पादक कंपनियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने हरेला पर्व के उपलक्ष्य में ‘हर गाँव का यही पैगाम-एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधरोपण कर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित पर्यावरण सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!