सीएम से संवाद करेंगे पौड़ी के 12 विद्यार्थी, विकास का विजन रखेंगे सामने - Shaurya Mail

Breaking News

सीएम से संवाद करेंगे पौड़ी के 12 विद्यार्थी, विकास का विजन रखेंगे सामने

 सीएम से संवाद करेंगे पौड़ी के 12 विद्यार्थी, विकास का विजन रखेंगे सामने

उत्तराखंड(पौड़ी गढ़वाल),बुधवार 16 सितंबर 2026

उत्तराखंड के विकास को लेकर युवाओं की सोच और सुझाव सरकार तक पहुंचाने के लिए आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में पौड़ी जिले के 12 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। कक्षा 11वीं और 12वीं के चयनित विद्यार्थी 18 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ संवाद कर अपने विचार साझा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने 10 अगस्त को कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विद्यार्थियों से ‘मेरा सपनों का उत्तराखंड, एक विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण’ विषय पर निबंध के माध्यम से सुझाव मांगे थे। प्रदेशभर से 2,87,744 विद्यार्थियों ने निबंध प्रस्तुत किए। इनमें से 140 विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री के साथ संवाद के लिए चुना गया है।

पौड़ी से चयनित विद्यार्थियों में अनुष्का नेगी (द्वारीखाल), आकांक्षा (यमकेश्वर), सोनाक्षी (पुरियाडांग), श्रीतिका रावत (पौड़ी), शीतल (कठुली), अनुष्का (श्रीकोट गंगानाली), साक्षी पोखरियाल (कमलपुर), दिव्या (मैटाकुण्ड), आदित्य भारद्वाज व सृष्टि मैन्दोला (लैंसडाउन), याशिका (लालपुर) और श्रीम अग्रवाल (कोटद्वार) शामिल हैं।

 इन मुद्दों पर रखेंगे सुझाव

राज्य स्तरीय संवाद में शिक्षा, स्वास्थ्य, वन एवं पर्यावरण, स्वरोजगार, पलायन, सड़क, आईटी, पर्यटन और महिला एवं बाल विकास समेत विभिन्न विषयों पर विद्यार्थियों के विचार लिए जाएंगे। विभागीय अधिकारी भी विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उनके सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे जाएंगे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!