लैंसडाउन में महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण की पहल को सराहा - Shaurya Mail

Breaking News

लैंसडाउन में महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण की पहल को सराहा

 लैंसडाउन में महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण की पहल को सराहा

उत्तराखंड(पौड़ी गढ़वाल),रविवार 10 मई 2026

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम के तहत लैंसडाउन में महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी पहलों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने गढ़वाल राइफल रेजिमेंट सेंटर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया।

राज्यपाल अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार शाम को लैंसडाउन पहुंचे। राज्यपाल ने सर्वप्रथम पूर्व सैनिकों एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित ‘पूर्व सैनिक पर्यावरण उद्यान’ का उद्घाटन किया। कैंट बोर्ड के अधिकारियों की ओर से राज्यपाल को उद्यान की संकल्पना, संरचना एवं पर्यावरणीय महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान राज्यपाल ने उद्यान में विकसित हरित व्यवस्थाओं एवं पूर्व सैनिकों के सम्मान में किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरुकता बढ़ाने के साथ-साथ देश सेवा में योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों के सम्मान का भी प्रतीक है।

उद्यान भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने आर्मी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों से भी आत्मीय संवाद किया।

इसके उपरांत राज्यपाल ने ‘ऑल वुमेन कैफे’ का भ्रमण किया। यहां उन्होंने स्थानीय महिलाओं की ओर से तैयार किए गए पहाड़ी एवं पारंपरिक उत्पादों का अवलोकन किया। राज्यपाल ने स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता एवं प्रस्तुतीकरण की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वरोजगार आधारित गतिविधियां महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

इसके बाद राज्यपाल ने ‘भुल्ली सशक्तिकरण केंद्र’ का भ्रमण किया। केंद्र में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण एवं उत्पादन इकाइयों का अवलोकन करते हुए उन्होंने वहां कार्यरत महिलाओं एवं कार्मिकों से संवाद किया। राज्यपाल ने धातु कला अनुभाग, वीर नारी कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र, ब्लॉक प्रिंटिंग अनुभाग, नन्ही कली केंद्र, हस्तनिर्मित कागज अनुभाग, ऊनी टोपी अनुभाग, शॉल अनुभाग, स्टोर कक्ष, मोनाल ब्यूटी पार्लर तथा मसाला केंद्र का निरीक्षण किया।

राज्यपाल ने केंद्र में स्थापित विभिन्न मशीनों एवं प्रशिक्षण उपकरणों का निरीक्षण करते हुए वहां कार्यरत महिलाओं से उनके अनुभव एवं कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ की अवधारणा को सशक्त बनाने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण केंद्र अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने स्थानीय उत्पादों के विपणन एवं स्वयं सहायता समूहों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया और जिलाधिकारी को कहा कि केंद्र को स्वयं सहायता समूहों एवं सरकारी योजनाओं से जोड़कर इसकी गतिविधियों का और अधिक विस्तार किया जाए।

कार्यक्रम के अंतर्गत कमान हॉल में जिलाधिकारी की ओर से राज्यपाल को जनपद की कानून व्यवस्था, विकास कार्यों, पर्यटन, आधारभूत सुविधाओं एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतिकरण भी दिया गया। इस दौरान राज्यपाल ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया।

इसी क्रम में रॉय हट में आयोजित स्टेशन ब्रीफिंग के दौरान राज्यपाल को क्षेत्र की सैन्य गतिविधियों, व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा संबंधी विषयों की जानकारी दी गयी।

लैंसडाउन स्थित शहीद भवानी दत्त जोशी परेड ग्राउंड पहुंचने पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत एवं गढ़वाल राइफल रेजिमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने राज्यपाल का स्वागत किया। इस अवसर पर सुरक्षा बलों की ओर से राज्यपाल को आकर्षक गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।

इस अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल विजय तोमर, अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य, सीओ निहारिका सेमवाल, सहित सेना, प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!