रामलला का दर्शन करने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी अपने मंत्रियों संग पहुंचे अयोध्या

उत्तर प्रदेश(अयोध्या),मंगलवार 20 फरवरी 2024
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी मंत्रिपरिषद के सहयोगियों के साथ मंगलवार को रामलला का दर्शन करने के लिए अयोध्या पहुंचे।
मुख्यमंत्री धामी और उनके मंत्रियों के अयोध्या के वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचने पर स्थानीय भाजपा नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़े के बीच राज्य के संस्कृति विभाग के कलाकारों ने नृत्य पेश किया।
स्थानीय भाजपा के नेताओं ने बताया कि धामी के नेतृत्व में सभी मंत्री एयरपोर्ट से सीधे पहले हनुमानगढ़ी के लिए रवाना हुए। यहां दर्शन-पूजन करने के बाद वे रामलला का दर्शन करने जन्मभूमि मंदिर जाएंगे। पूजा-अर्चना करने के बाद शाम 05 बजे मुख्यमंत्री और उनके मंत्री उत्तराखंड के लिए प्रस्थान करेंगे।