उत्तराखंड विधानसभा सत्र आज से होगा शुरू - Shaurya Mail

Breaking News

उत्तराखंड विधानसभा सत्र आज से होगा शुरू

 उत्तराखंड विधानसभा सत्र आज से होगा शुरू

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 26 फरवरी 2024

उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र 26 फरवरी से शुरू होगा। पहले दिन सदन में राज्यपाल का अभिभाषण होगा। विधानसभा सचिवालय ने सत्र बेहतर ढंग से संचालित करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्यपाल के अभिभाषण में सरकार के वर्ष 2025 तक उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ व सशक्त राज्य बनाने का रोडमैप दिख सकता है।

उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र 26 फरवरी से शुरू होगा, जो एक मार्च तक चलेगा। 26 फरवरी को सुबह 11 बजे से सदन की कार्यवाही शुरू होगी। इसके बाद राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) का अभिभाषण होगा। पहले दिन अभिभाषण के अलावा अन्य कोई विधायी कार्य नहीं होंगे। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित हो जाएगी। भोजनावकाश के बाद तीन बजे से फिर से सदन चलेगा।

बजट सत्र के लिए पक्ष-विपक्ष के सभी विधायक देहरादून पहुंच गए हैं। विधानसभा सचिवालय ने भी सत्र के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली है। विधायकों की ओर से 300 से अधिक प्रश्न मिले हैं। रविवार को विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक होनी थी, लेकिन देर शाम तक बैठक शुरू नहीं हो पाई। विपक्ष की ओर से नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह ने कार्यमंत्रणा से इस्तीफा दे रखा है, जिससे विपक्ष ने कार्यमंत्रणा में शामिल होने से इन्कार किया।

27 फरवरी को पेश हो सकता है बजट

प्रदेश सरकार 27 फरवरी को बजट पेश कर सकती है। धामी सरकार के बजट में केंद्र की झलक भी देखने को मिलेगी। हालांकि, कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में तय किया जाएगा कि बजट किस दिन सदन में लाया जाए। प्रदेश सरकार की ओर से वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 90 हजार करोड़ रुपये का अनुमानित बजट लाने की संभावना है। इसमें सरकार का फोकस सशक्त उत्तराखंड का संकल्प रहेगा। इसके अलावा महिलाओं, युवाओं के लिए स्वरोजगार, किसानों के कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार नई योजनाओं की घोषणा कर सकती है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!