गांव चलो अभियान के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे पांडुकेश्वर, कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की - Shaurya Mail

Breaking News

गांव चलो अभियान के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे पांडुकेश्वर, कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की

 गांव चलो अभियान के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे पांडुकेश्वर, कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की

उत्तराखंड(जोशीमठ),रविवार 11 फरवरी 2024

भारतीय जनता पार्टी द्वारा 9 फरवरी से 11 फरवरी तक होने वाले गांव चलो अभियान के क्रम मे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष महेन्द्र भट्ट शनिवार को बदरीनाथ विधानसभा के बूथ संख्या 54 पांडुकेश्वर पहुंचे।

यहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं व आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक मात्र ऐसी पार्टी है जो जनता से किए गए वायदों को पूरा करती है। भाजपा ने अपने चुनाव घोषणा पत्र में जो कुछ कहा है उसे धरातल पर उतारा है।

प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव मे चार सौ का आंकड़ा पार करने का संकल्प है, इसके लिए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर कड़ी मेहनत करनी है। मतदाताओं को केन्द्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए शतप्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोकसभा की हर सीट को पांच लाख वोट के अंतर से जीतने का लक्ष्य है और देवतुल्य कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत से इस लक्ष्य को पार किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि 9 फरवरी से गांव चलो अभियान शुरू किया गया है जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, सांसद, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य व वरिष्ठ नेताओं के विभिन्न बूथों पर 24 घंटो का प्रवास होगा।

पांडुकेश्वर बूथ पर हुए कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष किशोर पंवार सहित अनेक पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!