उत्तराखंड में बीस पुलिस अधिकारियों का तबादला, दून-हरिद्वार के कप्तान बदले
उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 14 फ़रवरी 2026
उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) के 20 अधिकारियों के स्थानांतरण और नई तैनाती के आदेश जारी किए। इस आदेश के तहत देहरादून, हरिद्वार सहित विभिन्न जिलों के कप्तान की जिम्मेदारी बदल दी गई है।
गृह सचिव शैलेश बगोली की ओर से जारी आदेश में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार प्रमेन्द्र डोबाल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून नियुक्त किया गया है, जबकि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून अजय सिंह को एसटीएफ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ नवनीत सिंह को हरिद्वार का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक चम्पावत अजय गणपति कुमार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, उधमसिंहनगर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, उधमसिंहनगर मणिकांत मिश्रा को पुलिस अधीक्षक, अभिसूचना, और प्रदीप कुमार राय को पुलिस अधीक्षक, सीबीसीआईडी की जिम्मेदारी दी गई है। निवेदिता कुकरेती को पुलिस महानिरीक्षक, एस.डी.आर.एफ बनाया गया है और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सतर्कता मुख्यालय प्रहलाद नारायण मीणा को पुलिस उपमहानिरीक्षक, सतर्कता मुख्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यशवंत सिंह को प्रधानाचार्य, पी.टी.सी., नरेंद्रनगर, चन्द्रमोहन सिंह को पुलिस अधीक्षक (क्षेत्रीय), अभिसूचना, देहरादून, और मनोज ठाकुर को अपर पुलिस अधीक्षक, कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, निशा यादव को पुलिस अधीक्षक, अपराध एवं यातायात, हरिद्वार, जितेन्द्र चौधरी को पुलिस अधीक्षक, अपराध एवं यातायात, उधमसिंहनगर और जितेन्द्र कुमार मेहरा को पुलिस अधीक्षक, बागेश्वर तैनात किया गया है।
इसके अलावा निहारिका तोमर को पुलिस अधीक्षक, रुद्रप्रयाग, देवेंद्र पींचा को सेनानायक, 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर, चन्द्रशेखर आर. घोड़के को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अल्मोड़ा, रेखा यादव को पुलिस अधीक्षक, चम्पावत, अक्षय प्रहलाद कोंडे को पुलिस अधीक्षक, पिथौरागढ़ और अमित श्रीवास्तव को सेनानायक, आई.आर.बी., प्रथम रामनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।