Breaking News

पर्यटन दिवस: उत्तरकाशी की इन पांच जगहों की खूबसूरती मोह लेगी मन, प्राकृतिक सौंदर्य और मनोरम दृश्यों वाले यहां के पर्यटन स्थल

देहरादून : हिमालय की गोद में बसे उत्तरकाशी जनपद में पर्यटन स्थलों की भरमार है। प्राकृतिक सौंदर्य और मनोरम दृश्यों वाले यहां के पर्यटन स्थल पर्यटकों को बरबस ही अपनी ओर आकर्षित करते हैं। पिछले कुछ वर्षों में यहां के कुछ पर्यटन स्थल पर्यटकों के बीच खासे लोकप्रिय हुए हैं।

तीर्थाटन के साथ ही अब सरकार का साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर है। यहां न केवल आपको प्राकृतिक सुंदरता देखने को मिलेगी बल्कि आप ट्रैकिंग भी कर सकते हैं। तस्वीरों में आपको दिखाते हैं उत्तरकाशी के कुछ ऐसे पर्यटन स्थल जिनकी खूबसूरती आपको भी यहां आने पर मजबूर कर देगी।

गरतांग गली

Shauryamail team
Shauryamail team

भारत-तिब्बत के बीच व्यापारिक रिश्तों की गवाह इस ऐतिहासिक मार्ग को दो साल पूर्व वर्ष 2021 में पर्यटकों के लिए खोला गया था। जो कि भैरव घाटी से नेलांग घाटी को जोड़ने वाले पैदल मार्ग पर जाड़ गंगा घाटी में है। यहां खड़ी चट्टान को काटकर देवदार की लकड़ी से करीब 150 मीटर लंबा सीढ़ीनुमा पैदल ट्रैक तैयार किया गया है।

हर्षिल

Shauryamail team
Shauryamail team

उत्तरकाशी मुख्यालय से करीब 85 किमी दूरी पर स्थित हर्षिल भागीरथी किनारे बसा एक सुंदर गांव है। जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ रसीले सेबों के उत्पादन के लिए जाना जाता है। यहां सेब के साथ राजमा का भी उत्पादन होता है। हर्षिल में ऋषि कपूर की राम तेरी गंगा मैली फिल्म की शूटिंग भी यहां हुई थी। इस फिल्म में दिखाया गया एक डाकघर आज भी पर्यटकों की पसंद बना हुआ है।

केदारकांठा

Shauryamail team

मोरी के सुदूरवर्ती सांकरी से 10 किमी की दूरी पर समुद्रतल से 3812 मीटर की ऊंचाई पर केदारकांठा बुग्याल बेहद रमणीय व खूबसूरत ट्रैक है। यहां से स्वर्गारोहणी, बंदरपूंछ, व्हाइट माउंटेन, कालानाग, गरूड पर्व की श्रृंखलाओं का मनोहारी दृश्य दिखाई देता है। यहां से सूर्योदय के अद्भुत नजारा दिखाई देता है।

नेलांग घाटी

Shauryamail team

उत्तरकाशी मुख्यालय से करीब 115 किमी की दूरी पर स्थित नेलांग घाटी भौगोलिक परिस्थितियों में लद्दाख और स्फीति घाटी से मेल खाती है। इस कारण इसे उत्तराखंड के लद्दाख के रूप में भी जाना जाता है। चीन सीमा के निकट स्थित यह घाटी पर्यटकों के बीच खासी लोकप्रिय हुई है।

हर्षिल क्यारकोटी ट्रैक

Shauryamail team

हिमालय की गोद में बसे उत्तरकाशी जनपद में प्रकृति ने दिलखोलकर नेमतें बरसी हैं। इन्हीं में से एक है हर्षिल क्यारकोटी ट्रैक। जो धरती पर स्वर्ग का अहसास करता है। प्राकृतिक फूलों से महकता यह ट्रैक रूट पिछले कुछ वर्षों से पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। जहां देशभर से पर्यटक प्रकृति के बीच सुकून के पल बिताने पहुंचते हैं। समुद्रतल से करीब 3480 मीटर की ऊंचाई पर स्थित हर्षिल क्यारकोटी ट्रैक अपनी प्राकृतिक सुंदरता और मनोरम दृश्यों के लिए जाना जाता है। जो कि भागीरथी तट पर बसे हर्षिल बेस कैंप से शुरू होता है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!