दून से अयोध्या के बीच हो सीधी हवाई सेवा, सौंपा ज्ञापन
उत्तराखंड(हरिद्वार),शुक्रवार 15 दिसंबर 2023
प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजेश रस्तौगी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पीएल शाह के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम ज्ञापन पत्र सौंपा। ज्ञापन में देहरादून एयरपोर्ट से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अयोध्या के बीच सीधी विमान सेवा प्रारंभ कराए जाने की मांग की।
इस अवसर पर राजेश रस्तौगी ने अपर जिलाधिकारी को अवगत कराया कि जनवरी 2024 से दिल्ली से अयोध्या व अहमदाबाद से अयोध्या के बीच एयर यातायात जनवरी के प्रथम सप्ताह में शुरू हो जाएगा। 5 जनवरी 2024 को मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का उद्घाटन होगा। संभवतः 6 जनवरी 2024 से अहमदाबाद से अयोध्या व दिल्ली से अयोध्या के बीच हवाई यातायात प्रारंभ हो जाएगा।
रस्तोगी ने बताया कि उत्तराखंड राज्य में भगवान श्री राम के भक्तों की संख्या बहुतायत है, इसलिए तत्काल प्रभाव से देहरादून से अयोध्या के बीच हवाई यातायात प्रारंभ कराया जाना राज्य हित में आवश्यक है। रस्तोगी ने कहा कि वैसे भी 22 जनवरी को भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा अयोध्या में हो रही है। उससे पहले यदि विमान सेवा प्रारंभ होती है तो राज्य के लोगों को भगवान का दर्शन करने में काफी आनंद प्राप्त होगा। रस्तौगी ने बताया कि हरिद्वार व ऋषिकेश संत नगरी है। संतों की भी मांग है कि देहरादून को अयोध्या एयर यातायात से जोड़ा जाए।