राज्यपाल से कुमाऊं व अल्मोड़ा विवि के कुलपतियों व सांसद ने की शिष्टाचार भेंट - Shaurya Mail

Breaking News

राज्यपाल से कुमाऊं व अल्मोड़ा विवि के कुलपतियों व सांसद ने की शिष्टाचार भेंट

 राज्यपाल से कुमाऊं व अल्मोड़ा विवि के कुलपतियों व सांसद ने की शिष्टाचार भेंट

उत्तराखंड(नैनीताल),गुरुवार 29 मई 2025

उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से बुधवार को नैनीताल राजभवन में कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत तथा सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों कुलपतियों ने विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुसंधान प्रयासों एवं विकास परियोजनाओं की जानकारी दी। राज्यपाल ने उच्च शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, नवाचार, कौशल विकास तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप शोध पर बल देते हुए ‘एक विश्वविद्यालय-एक शोध’ कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी भी ली।

इस अवसर पर प्रो. दीवान रावत ने कुमाऊं विश्वविद्यालय को केंद्र सरकार की मेरू योजना के अंतर्गत प्राप्त ₹100 करोड़ की अनुदान राशि के उपयोग, डीएसटी-पेयर योजना द्वारा अनुसंधान संवर्धन तथा आंतरिक अनुसंधान सहायता के अंतर्गत शिक्षकों को ₹1.25 करोड़ से अधिक की वितरित सहायता और उससे हुए प्रकाशनों व पेटेंटों में वृद्धि की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में शिक्षाशास्त्र, विधि संकाय आदि भवनों के नवीनीकरण, स्मार्ट कक्षाओं की स्थापना तथा नैनो साइंस सेंटर, बायोफ्लॉक व हाइड्रोपोनिक्स कौशल केंद्र, लाइब्रेरी चौंपियन पुरस्कार, विद्यासेतु योजना व एसएसबी प्रशिक्षण कार्यक्रम जैसे अभिनव प्रयासों से छात्र विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। राज्यपाल ने इन पहलों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कुमाऊं विश्वविद्यालय को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बताया तथा शीघ्र ही विश्वविद्यालय के नवाचार केंद्रों के भ्रमण व विभिन्न संकायाध्यक्षों से पृथक बैठक के निर्देश भी दिए। आज ही राज्यपाल से क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट ने भी शिष्टाचार भेंट की।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!