लोक भवन में तीन दिवसीय वसंतोत्सव का हुआ समापन, रनिंग ट्रॉफी आईआईटी रुड़की को - Shaurya Mail

Breaking News

लोक भवन में तीन दिवसीय वसंतोत्सव का हुआ समापन, रनिंग ट्रॉफी आईआईटी रुड़की को

 लोक भवन में तीन दिवसीय वसंतोत्सव का हुआ समापन, रनिंग ट्रॉफी आईआईटी रुड़की को

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 01 मार्च 2026

लोक भवन में आयोजित तीन दिवसीय वसंतोत्सव-2026 का रविवार को समापन हो गया। पुष्प प्रदर्शनी प्रतियोगिता की सर्वाधिक 13 श्रेणियों में पुरस्कार जीतकर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की ने इस वर्ष की चल वैजयंती अपने नाम की है। चार श्रेणियों में पुरस्कार प्राप्त कर तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम लिमिटेड दूसरे स्थान पर रहा। इस प्रतियोगिता में 15 श्रेणियों की 54 उपश्रेणियों में कुल 161 पुरस्कार वितरित किए गए।

समापन समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुष्प प्रदर्शनी, रंगोली, बाल चित्रकला और फोटो प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस वर्ष पहली बार ‘गवर्नर्स अवार्ड’ की शुरुआत करते हुए उत्कृष्ट कृषकों, महिला कृषकों और स्टार्टअप के माध्यम से नवाचार कर रहे युवा कृषकों को सम्मानित किया गया।

राज्यपाल ने कहा कि तीन दिनों में लोक भवन पहुंचे लगभग साढ़े तीन लाख लोगों के चेहरे पर दिखी प्रसन्नता ही आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है। उन्होंने वसंतोत्सव को सकारात्मकता, संतुलन और रचनात्मकता का माध्यम बताते हुए नवाचार को विकसित भारत 2047 की दिशा में महत्वपूर्ण मंत्र कहा।

मुख्यमंत्री धामी ने वसंतोत्सव को राज्य की प्राकृतिक संपदा, कृषि शक्ति और उभरती हरित अर्थव्यवस्था का उत्सव बताते हुए कहा कि पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक नवाचार के समन्वय से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई जा सकती है।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री गणेश जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। समापन अवसर पर आईएमए और आईटीबीपी के पाइप बैंड की मधुर प्रस्तुतियों ने समारोह को आकर्षक बना दिया।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!