जन भावनाओं के अनुरूप होगा राज्य का भू-कानून : महेंद्र भट्ट - Shaurya Mail

Breaking News

जन भावनाओं के अनुरूप होगा राज्य का भू-कानून : महेंद्र भट्ट

 जन भावनाओं के अनुरूप होगा राज्य का भू-कानून : महेंद्र भट्ट

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 01 अक्टूबर 2024

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जन भावनाओं के अनुरूप सशक्त भू-कानून का भरोसा दिलाते हुए कहा कि शीघ्र ही धामी सरकार इस पर निर्णायक कदम उठाने जा रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री धामी स्वयं बजट सत्र तक इस पर अमल करने की बात कह चुके हैं। लिहाजा हम सबको सब्र रखने की जरूरत है। उन्होंने कांग्रेस की उस मंशा का भी विरोध किया, जिसमें कांग्रेस तिवारी सरकार में लागू कानून को सर्वश्रेष्ठ बताने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी और सरकार जन भावनाओं के अनुरूप कठोर भू-कानून लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। समय समय पर यह हमारे चुनावी दृष्टिपत्र का अहम हिस्सा रहा है और उस पर अमल करने के लिए ही सरकार बनते ही यूसीसी की तरह इस मुद्दे पर भी उच्च स्तरीय विशेषज्ञ कमेटी बनाई गई थी। पेश रिपोर्ट के सभी कानूनी व संवैधानिक पहलुओं पर विचार किया जा रहा है। अब मुख्यमंत्री धामी ने घोषणा भी कर दी कि बजट सत्र तक सशक्त भू कानून लाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जनता से भाजपा ने वादों के मुताबिक यूसीसी कानून बनाया, मातृशक्ति को नौकरियों में आरक्षण का अधिकार दिया, क्षैतिज आरक्षण देकर राज्य आंदोलनकारी भावनाओं का सम्मान किया, कठोरतम नकल कानून, धर्मांतरण कानून, दंगारोधी कानून भी बनाये। अब राज्यहित में सशक्त भू-कानून भी हमारी ही सरकार लेकर आएगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस परदे के पीछे आंदोलन के नाम पर लोगों को भड़काने का कार्य कर रही है। प्रदेश की जनता गवाह है कि राज्य आंदोलन से लेकर राज्य निर्माण में भाजपा की भूमिका की अहम रही है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!