आपदा में क्षतिग्रस्त सड़कों के लिए महापौर ने मुख्यमंत्री से की सौ करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित करने की मांग - Shaurya Mail

Breaking News

आपदा में क्षतिग्रस्त सड़कों के लिए महापौर ने मुख्यमंत्री से की सौ करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित करने की मांग

 आपदा में क्षतिग्रस्त सड़कों के लिए महापौर ने मुख्यमंत्री से की सौ करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित करने की मांग

मुख्यमंत्री से मिलकर दी विस्तृत जानकारी, सौंपा मांगपत्र

ऋषिकेश, नगर निगम महापौर अनिता ममगांई ने प्राकृतिक आपदा के कारण क्षतिग्रस्त हुई ऋषिकेश की विभिन्न सड़कों,सम्पर्क मार्गों एवं नालियों के निर्माण के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से निगम प्रशासन को सौ करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित करने की मांग की। इस संदर्भ में महापौर ने आज राजधानी में मुलाकात कर एक मांगपत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा है।

नगर निगम महापौर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर विगत दिनों प्राकृतिक आपदा के रूप में हुई बारिश के बाबत उनको विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अवगत कराया कि दैवीय आपदा में विभिन्न क्षेत्रों में लोगों के घरों में घुसे बरसाती पानी से जहां आम जनमानस को काफी नुकसान झेलना पड़ा वहीं निगम के विभिन्न क्षेत्रों की सड़कें, सम्पर्क मार्ग एवं नालियां भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी हैं। अनेक सड़कों पर तो चलना भी अब चुनौतीपूर्ण हो गया है कई मार्गों पर कीचड़ एवं बरसाती पानी भरा होने की वजह से विभिन्न बीमारियों का खतरा भी लगातार मंडरा रहा है।

उक्त तमाम निर्माण कार्य के लिए तकरीबन सौ करोड़ रुपये की अनुमानित लागत है जिसे निगम से पूर्ण किया जाना संभव नही है, इसलिए संभावित राशि प्रदेश सरकार ऋषिकेश नगर निगम को प्रदान की जाये ताकि जल्द से जल्द निर्माण कार्यों को प्रराम्भ कराया जा सके।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने महापौर अनिता ममगांई को आश्वस्त किया कि आपदा में प्रदेश सरकार लोगों के साथ खड़ी रही है, प्रदेश के तमाम आपदा प्रभावित क्षेत्रों में विशेष प्राथमिकता के साथ राहत एवं बचाव, पुनर्वास व पुनर्निर्माण कार्य जारी है,योग नगरी ऋषिकेश की सड़कों के पुनःनिर्माण के लिए भी हर संभव मदद की जायेगी।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!