राज्यपाल ने की कुमाऊं विचि के डीएसबी परिसर की अकादमिक व प्रशासनिक प्रगति परखी - Shaurya Mail

Breaking News

राज्यपाल ने की कुमाऊं विचि के डीएसबी परिसर की अकादमिक व प्रशासनिक प्रगति परखी

 राज्यपाल ने की कुमाऊं विचि के डीएसबी परिसर की अकादमिक व प्रशासनिक प्रगति परखी

उत्तराखंड(नैनीताल),शुक्रवार 13 जून 2025

राज्यपाल व कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में निदेशकों और संकायाध्यक्षों के साथ बैठक कर अकादमिक व प्रशासनिक प्रगति की समीक्षा की, साथ ही के नैनो साइंस, भूविज्ञान विभाग और यहां ग्रेफीन के निर्माण के डब्लूआरएम नामक पायलट संयंत्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सभी संकायाध्यक्षों और निदेशकों ने विभागों में संचालित शोध, नवाचार, परियोजनाओं व भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की।

राज्यपाल ने विश्वविद्यालय को उपलब्धियों से आगे बढ़ते हुए उच्च गुणवत्ता व नवाचार के साथ निरंतर प्रगति की ओर बढ़ने की आवश्यकता बताई, और परिसर को तंबाकू मुक्त बनाए रखने, शोध एवं नवाचार की दिशा में हो रहे प्रयासों की सराहना की और टीम भावना के लिए कुलपति व प्रशासन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कुमाऊँ विश्वविद्यालय की एक विशिष्ट पहचान है, जिसे और सशक्त बनाया जाना चाहिए। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों को बाजार से जोड़ने के लिए ई-वाणिज्य और डिजिटल विपणन पर केंद्रित सेमिनार आयोजित करने तथा राज्य में मशरूम, कीवी, शहद व अरोमा जैसे उत्पादों पर शोध कर राज्य की आर्थिकी को सशक्त करने पर बल दिया।

इस दौरान उन्होंने परिसर निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय पंत, मुख्य कुलानुशासक प्रो. एचसीएस बिष्ट, प्रो. सावित्री कैरा, डॉ. महेंद्र राणा, डॉ. लक्ष्मण सिंह रौतेला और पंकज को सम्मानित किया और ‘विमर्श’ न्यूजलेटर का विमोचन भी किया। इससे पूर्व यहां पहुंचने पर 5 यूपी नेवल यूनिट एनसीसी कैडेटों ने राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. दीवान रावत, कुलसचिव डॉ. एमएस मंद्रवाल, प्रो. राजीव, प्रो. नंद गोपाल साहू, डॉ. रीतेश साह, प्रो. रजनीश पांडे, प्रो. अतुल जोशी, प्रो. एमएस मावड़ी, प्रो. एके सिंह, डॉ. तीरथ कुमार सहित अनेक प्राध्यापक भी उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!