राज्यपाल ने उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की कॉफी टेबल बुक का किया विमोचन - Shaurya Mail

Breaking News

राज्यपाल ने उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की कॉफी टेबल बुक का किया विमोचन

 राज्यपाल ने उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की कॉफी टेबल बुक का किया विमोचन

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 08 मार्च 2026

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने शनिवार को लोक भवन में उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक की कॉफी टेबल बुक ‘समिट्सः द जर्नी ऑफ उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए बधाई दी।

इस कॉफी टेबल बुक में वर्ष 1983 से प्रारम्भ हुई क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की विरासत से लेकर वर्ष 2012 में उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक के गठन तक की यात्रा को संक्षेप में प्रस्तुत किया गया है। इसके साथ ही बैंक के विकास, वित्तीय समावेशन, तकनीकी नवाचार, स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमियों के सशक्तीकरण से जुड़ी उपलब्धियों तथा भविष्य की योजनाओं का भी उल्लेख किया गया है।

इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि किसी भी संस्था की यात्रा का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इससे न केवल अतीत की उपलब्धियां सुरक्षित रहती हैं, बल्कि भविष्य की दिशा भी स्पष्ट होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह कॉफी टेबल बुक बैंक की स्थापना से अब तक की गौरवपूर्ण यात्रा और समाज के प्रति उसके योगदान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्य में भौगोलिक परिस्थितियां कई बार चुनौतीपूर्ण होती हैं। ऐसे में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है और इस दिशा में उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक ने ग्रामीणों को औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

राज्यपाल ने सुझाव दिया कि इस कॉफी टेबल बुक को प्रदेश के जनप्रतिनिधियों, जिला अधिकारियों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़े लोगों तक भी पहुंचाया जाए, ताकि उन्हें बैंक की भूमिका और योगदान की जानकारी मिल सके। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रकाशन बैंक की उपलब्धियों का सशक्त दस्तावेज होने के साथ समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!