मुख्यमंत्री ने 23 बोलेरो कैंपर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री ने 23 बोलेरो कैंपर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

 मुख्यमंत्री ने 23 बोलेरो कैंपर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 16 अप्रैल 2025

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में वन एवं वन्य जीव सुरक्षा के लिए वन विभाग की ओर से कैंपा योजना से खरीदे गए 23 बोलेरो कैंपर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन वाहनों से संवेदनशील वन क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाकर वन अपराधों पर नियंत्रण को अधिक मजबूत करने में मदद मिलेगी। वनाग्नि प्रबंधन और मानव वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर समय रहते नियंत्रण एवं तेजी से रेस्क्यू कार्य के लिए भी इन वाहनों का उपयोग किया जाएगा। वृक्षारोपण अभियानों की निगरानी के साथ ही भू-स्खलन, बाढ़ या अन्य प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में वन एवं निकटवर्ती क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों के त्वरित व प्रभावी संचालन में भी ये वाहन काफी उपयोगी सिद्ध होंगे।

मौके पर वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि पिछले तीन साल में लगातार कैंपा योजना के बजट में वृद्धि हुई है। वर्ष 2023-24 में 237 करोड़, 2024-25 में 302 करोड़ की धनराशि का व्यय हुआ है। वर्ष 2025-26 में कैंपा के तहत प्रस्तावित 439.50 करोड़ रुपये की लागत की वार्षिक योजना स्वीकृति के लिए केन्द्र सरकार को भेजी गई है।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. के सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक डॉ. धनंजय मोहन सहित वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!