मुख्यमंत्री ने पिटकुल परियोजनाओं में तेजी लाने और विद्युत चोरी रोकने के दिए निर्देश - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री ने पिटकुल परियोजनाओं में तेजी लाने और विद्युत चोरी रोकने के दिए निर्देश

 मुख्यमंत्री ने पिटकुल परियोजनाओं में तेजी लाने और विद्युत चोरी रोकने के दिए निर्देश

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 12 फरवरी 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सचिवालय में पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) की समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने विद्युत वितरण घाटे को कम करने, विद्युत चोरी पर रोक लगाने और ग्रीष्मकालीन सीजन से पहले सभी परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मार्च तक सभी औपचारिकताएं पूरी कर अप्रैल में परियोजनाओं के शुभारंभ सुनिश्चित करने का आदेश दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने एशियाई विकास बैंक (एडीबी) पोषित उपकेंद्रों के भूमि आवंटन और स्थानांतरण की प्रक्रिया एक सप्ताह में पूर्ण करने और सीएसआर मद का पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

पिटकुल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने बताया कि पिछले चार वर्षों में 22 परियोजनाएं पूरी हुई हैं, जिनमें से 12 क्षमता वृद्धि से संबंधित हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आरईसी ने पिटकुल की क्रेडिट रेटिंग ए+ से ए++ बढ़ाई है, जिससे ऋण पर 0.5% अतिरिक्त छूट मिलेगी और उपभोक्ताओं को कम टैरिफ का लाभ मिलेगा।

बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्धन, प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु व ए. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव पंकज पांडेय समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!