नशा तस्करी से जुड़े अपराधियों के खिलाफ कड़ी करवाई की जा रही : मुख्यमंत्री - Shaurya Mail

Breaking News

नशा तस्करी से जुड़े अपराधियों के खिलाफ कड़ी करवाई की जा रही : मुख्यमंत्री

 नशा तस्करी से जुड़े अपराधियों के खिलाफ कड़ी करवाई की जा रही : मुख्यमंत्री

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 25 फरवरी 2025

मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्रग्स फ्री देवभूमि का विकल्प रहित संकल्प अवश्य प्राप्त कर लेंगे। नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि उसके सारे परिवार और समूचे सामाजिक परिवेश को हानि पहुंचाता है। प्रदेश में जहां एक ओर लोगों और विशेषकर युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाई जा रही है, वहीं दूसरी ओर नशा तस्करी से जुड़े अपराधियों के खिलाफ कड़ी करवाई भी की जा रही है।

शनिवार को हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आयोजित ‘‘नशे की अंधेरी राह में उजाला’’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज में नशे के विरुद्ध जनजागरूकता के प्रसार में सभी से सहयोगी बनने की अपेक्षा की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नशाग्रस्त व्यक्तियों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए राज्य सरकार की ओर से समाज के विभिन्न वर्गों और विशेषकर युवाओं में नशे के दुष्परिणामों को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। नशे की रोकथाम के सम्बन्ध में जानकारी और जनता को किसी भी प्रकार की सहायता के लिए हेल्पलाइन नम्बर भी जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और संस्थाओं की ओर से किये जा रहे अथक प्रयासों से, हम समय से पहले ही ड्रग्स फ्री देवभूमि का विकल्प रहित संकल्प अवश्य प्राप्त कर लेंगे।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार युवा सपनों को साकार करने के साथ ही युवा प्रतिभाओं के साथ न्याय करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसलिए हमने प्रदेश में सबसे कठोर ’’नकल विरोधी कानून’’ बनाकर भर्तियों में घोटाले करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। वर्तमान में 7 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया गतिमान है और जल्द ही 19 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जायेगी। प्रदेश में सभी विभागों में रिक्त पदों पर नियुक्ति का कैलेण्डर भी जारी किया गया है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को देश का कर्णधार बताते हुए कहा कि अब युवाओं की मेहनत, योग्यता, प्रतिभा एवं क्षमता को कोई रोक नहीं सकेगा। उन्हें उनकी मेहनत का ईमानदारी और निष्पक्षता से फल अवश्य मिलेगा। अब हमारे युवाओं को अवसाद की स्थिति का सामना नहीं करना पडे़गा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न संस्थानों की नुक्कड़ नाटक प्रतियोगी दलों के चयन मण्डल के सदस्यों को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, दैनिक समाचार पत्रों के संपादक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!