तराई को आबाद करने में सिख समाज का है बड़ा योगदान : मुख्यमंत्री - Shaurya Mail

Breaking News

तराई को आबाद करने में सिख समाज का है बड़ा योगदान : मुख्यमंत्री

 तराई को आबाद करने में सिख समाज का है बड़ा योगदान : मुख्यमंत्री

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 19 दिसम्बर 2023

तराई को आबाद करने में सिख समाज का बहुत बड़ा योगदान है। प्रथम गुरु गुरुनानक से लेकर दशमेश गुरुओं के आशीर्वाद से यह धरती लगातार कृषि, उद्योग और विकास की दृष्टि में लघु भारत का संदेश पूरे विश्व में दे रही है।

सोमवार को रुद्रपुर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवा सिख सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि गुरुनानक से लेकर गुरु तेगबहादुर तक समस्त गुरुओं ने राष्ट्र को प्रथम रखा और पूरे राष्ट्र और धर्म को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया, इसके लिए उन्होंने बलिदान दिया।

उन्होंने कहा कि 1947 में देश का विभाजन हुआ और विभाजन विभीषिका पर शहीदों को याद करने, उनको स्मरण करने के लिए पूरे देश में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाता है। उन्होंने रुद्रपुर में विभाजन विभीषिका स्मृति स्थल का निर्माण जल्दी कराये जाने की घोषणा की। आनन्द कारज एक्ट के संबंध में मन्त्रिमण्डल ने जो निर्णय लिया है, उसे जल्दी लागू करने तथा पांच लाख तक किसानों के लोन पर स्टाम्प ड्यूटी की छूट पहले की तरह जारी रखे जाने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही। वर्ग चार की जो नियमितीकरण की पालिसी है, उसको अभी आगे बढ़ाया जायेगा। अमृतसर तक के लिए ट्रेन चले, इसके लिए पुनः रेलमंत्री से आग्रह करने का आश्वासन मुख्यमंत्री ने दिया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 100 से भी ज्यादा बार ब्लड डॉनेट करने वाले जगदीश सिंह गोल्डी, दिलजीत सिंह, हरविन्दर सिंह चुघ को अंग वस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सभी का सहयोग, प्रेम व एकजुटता ही है जो हमें विषम परिस्थितियों में भी प्रदेश में निरंतर विकास कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवाभाव के संकल्प का अनुसरण कर के पूरे मनोयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने शहजादों के बलिदान पर वीर बाल दिवस मनाने का संकल्प लिया था और आज पूरे देश में वीर बालदिवस मनाया जा रहा है। हमारे सिख भाइयों का देश के विकास में जो योगदान है, उसको शब्दों में व्यक्त कर पाना नामुमकिन है।

प्रधानमंत्री का एक भारत, श्रेष्ठ भारत के ध्येय वाक्य को जीवंत करने का कार्य हमारी सिख परम्परा कर रही है। उन्होंने कहा कि सिखों की ओर से नानकमत्ता साहिब के साथ जगह-जगह गुरुद्वारों द्वारा लंगर की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं को भोजन कराने का कार्य जिस सेवा भाव से किया जाता है वह सराहनीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है हर उलझे हुए मामलों को सुलझाने का हमारा निरंतर प्रयास रहता है। हम चीजों को उलझाने में नही बल्कि सुलझाने में विश्वास रखते हैं। प्रधानमंत्री की ओर से करतारपुर साहब नानक साहिब में 120 करोड़ की लागत से कारिडोर की व्यवस्था करने का काम किया है।

अफगानिस्तान की तालिबानी हुकूमत से पवित्र गुरुग्रन्थ साहब को हिन्दुस्तान लाने का कार्य भी किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो हमें नौ रत्न समर्पित किये गये हैं, उसमें से एक रत्न हमारा गोविन्दघाट से हेमकुण्ड साहब तक बनने वाला रोपवे है, जिससे 19 किमी. की पैदल चलने वाली यात्रा 9 मिनट में पूरी हो जायेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के पश्चात उनके ओर से राज्य हित में अनके सकारात्मक कदम उठाए गए हैं। प्रदेश में नकल रोकने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मान्तरण विरोधी कानून, लैण्ड और लव जेहाद के साथ महिलाओं के हित में अनेक निर्णय लिए हैं। जल्द ही प्रदेश में यूनिफार्म सिविल कोड लागू किया जायेगा।

मंत्री सौरभ बहुगुणा, राज्य मंत्री उत्तर प्रदेश बलदेव सिंह ओलख, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, विधायक श्री शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, अरविन्द पाण्डे, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, डॉ.शैलेन्द्र मोहन सिंघल ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन गुरविन्दर सिंह चण्डोक ने किया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी उदयराज सिंह, एसएसपी मन्जूनाथ टीसी सहित उपाध्यक्ष अल्पसंख्यक आयोग सरदार इकबाल सिंह, किसाना आयोग के उपाध्यक्ष राजपाल सिंह, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा के अलावा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!