रूस के छात्रों ने राज्यपाल से की मुलाकात, बताए शैक्षिक अनुभव - Shaurya Mail

Breaking News

रूस के छात्रों ने राज्यपाल से की मुलाकात, बताए शैक्षिक अनुभव

 रूस के छात्रों ने राज्यपाल से की मुलाकात, बताए शैक्षिक अनुभव

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 12 फरवरी 2025

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) से मंगलवार को राजभवन में रूस की सेंट पीटर्सबर्ग स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरनरी मेडिसिन के छात्रों और संकाय सदस्यों ने मुलाकात की। छात्रों और संकाय सदस्यों का 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 5 से 16 फरवरी तक गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय पंतनगर के शैक्षणिक भ्रमण पर है। वे यहां वेटरनरी एंड एनिमल साइंस कॉलेज में संकाय सदस्यों के साथ चर्चा और शोध व तकनीकी जानकारियों का आदान-प्रदान कर रहे हैं।

गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय और सेंट पीटर्सबर्ग स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरनरी मेडिसिन के बीच पशु चिकित्सा विज्ञान में शोध एवं प्रशिक्षण को सुदृढ़ करने लिए अनुबंध किया गया है। इस अवसर पर राज्यपाल ने रूस से आए छात्रों का स्वागत कर संवाद किया और उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने भारत और रूस के बीच वर्षों से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह शैक्षणिक साझेदारी भी शोध, अकादमिक सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देगी। उन्होंने दोनों विश्वविद्यालयों के बीच हुए समझौते को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इससे छात्र विनिमय कार्यक्रम, अनुसंधान परियोजनाएं और शैक्षणिक संवाद को मजबूती मिलेगी। राज्यपाल ने इस सहयोग को शैक्षणिक उत्कृष्टता और अनुसंधान-आधारित प्रगति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

मुलाकात करने वालों में गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान, सेंट पीटर्सबर्ग स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरनरी मेडिसिन की प्रमुख डॉ. लियूटिक एकाटेरिना, विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय मामलों के निदेशक डॉ. शिव प्रसाद, संकाय सदस्य व रूस से आए छात्र प्रतिनिधिमंडल के सदस्य शामिल रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!