राष्ट्रपति ने एनडीए नेता नरेन्द्र मोदी को नई सरकार गठन के लिए किया आमंत्रित - Shaurya Mail

Breaking News

राष्ट्रपति ने एनडीए नेता नरेन्द्र मोदी को नई सरकार गठन के लिए किया आमंत्रित

 राष्ट्रपति ने एनडीए नेता नरेन्द्र मोदी को नई सरकार गठन के लिए किया आमंत्रित

नई दिल्ली,शुक्रवार 07 जून 2024

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेता के तौर पर नरेन्द्र मोदी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। इससे पहले एनडीए के घटक दलों के नेताओं ने राष्ट्रपति से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था।

राष्ट्रपति से मुलाकात और सरकार बनाने का आमंत्रण मिलने के बाद प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति भवन के प्रांगण से अपने संबोधन में बताया कि वह रविवार 9 जून को शाम 6 बजे शपथ ग्रहण करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ने उनसे मंत्रिपरिषद के गठन के बारे में जानकारी मांगी है। वह जल्द ही राष्ट्रपति को अपने मंत्रिपरिषद की जानकारी देंगे।

प्रधानमंत्री ने देशवासियों का तीसरी बार एनडीए सरकार को समर्थन देने के लिए आभार प्रकट किया और विश्वास दिलाया कि उनकी सरकार निरंतर जनहित में कार्य करती रहेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए एक मजबूत, स्थिर और विकासोन्मुख सरकार बनाएगा।

मोदी ने कहा, “18वीं लोकसभा एक प्रकार से नई ऊर्जा, युवा ऊर्जा और कुछ कर गुजरने की इरादे वाली ये लोकसभा है। आजादी का अमृत महोत्सव के बाद का ये पहला चुनाव है। ये एक प्रकार से वो 25 वर्ष हैं, जो हमारे अमृतकाल के 25 वर्ष हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए एक मजबूत, स्थिर और विकासोन्मुख सरकार बनाएगा। मैं देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि पिछले दो टर्म में जिस गति से देश आगे बढ़ा है, समाज के हर क्षेत्र में परिवर्तन साफ साफ नजर आ रहा है। 25 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर आना अपने आप में देशवासियों के लिए गर्व की बात है।”

उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में एक विश्वबंधु बनकर उभरा है। इसका अधिकतम लाभ हमें मिलना शुरू हो रहा है। उन्हें पक्का विश्वास है कि 5 वर्ष वैश्विक परिवेश में भी भारत के लिए बहुत उपयोगी होने वाले हैं।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले आज संविधान सदन में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार सरकार बनाने के लिए एनडीए संसदीय दल का नेता चुना गया। संसदीय दल का नेता चुने जाने के बाद उन्होंने वरिष्ठ भाजपा नेताओं लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी भेंट की।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!