मोदी की रैली का विरोध करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया - Shaurya Mail

Breaking News

मोदी की रैली का विरोध करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया

 मोदी की रैली का विरोध करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया

उत्तराखंड(ऋषिकेश),गुरुवार 11 अप्रैल 2024

तीर्थनगरी ऋषिकेश में भारतीय जनता पार्टी की आईडीपीएल में आयोजित चुनावी जनसभा में भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विजय संकल्प रैली का अंकिता भंडारी हत्याकांड और अन्य सवालों को लेकर विरोध करने जा रहे कांग्रेस के क़रीब डेढ़ दर्जन कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

गुरुवार को प्रधानमंत्री की विजय संकल्प रैली के दौरान कांग्रेसियों ने ऋषिकेश में प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री के ऋषिकेश आगमन पर कुछ सवाल उठाते हुए उनसे जवाब मांगते हुए रैली में पहुंचने का आह्वान किया गया था।

रेलवे रोड स्थित चुनावी कार्यालय में सुबह से ही पुलिस ने डेरा जमा दिया। किसी तरह से कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए ऋषिकेश से आईडीपीएल की ओर बढ़े, जिस पर पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को घाट चौराहे के पास रोक दिया गया। कुछ लोग आगे बढ़ने में सफल रहे। कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला के नेतृत्व में करीब डेढ़ दर्जन कार्यकर्ताओं को कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट सहित पुलिस फोर्स ने लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस के समीप रोक दिया। पुलिस ने यहां उन्हें समझाने की कोशिश की मगर वह आगे बढ़ने की जिद पर अड़े रहे। पुलिस ने मौके से डेढ़ दर्जन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। जिन्हें कोतवाली लाया गया।

प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता में मधु जोशी, सरोज देवराडी, उमा ओबेरॉय, राधा रमोला, राकेश सिंह मियां,रवि कुमार जैन, सनी प्रजापति, राहुल रावत, देवेंद्र प्रजापति, छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु जाटव, जगजीत सिंह जग्गी, करमचंद, रूकम पोखरियाल मुकेश जाटव आदि शामिल रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!