उत्तराखंड में सेवा पखवाड़ा अभियान में लोग बढ़-चढ़कर ले रहे हैं हिस्सा : केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री
देहरादून, 22 सितंबर। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने उत्तराखंड में आयुष्मान भवः सेवा पखवाड़ा के तहत अभियान में लोगों की बढ़-चढ़ कर भागीदारी की तारीफ की है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट लिखकर उत्तराखंड में चल रहे सेवा पखवाड़ा की प्रशंसा की है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा है,”पूरे देश में आयुष्मान भवःअभियान के अंतर्गत लगाए जा रहे हेल्थ मेलों के माध्यम से लाखों लोग विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं।” ”मुझे खुशी है कि उत्तराखंड में सेवा पखवाड़ा के तहत लोग इस अभियान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं।”
आयुष्मान भव” अभियान के अंतर्गत प्रदेश भर में स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ ही स्थानीय लोगों का मुफ्त इलाज किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के पोस्ट पर लिखा है,” आयुष्मान भव अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री का प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने का स्वप्न साकार होता दिखाई दे रहा है।”