कुंभ मेला-2027 की तैयारियों का किया स्थलीय निरीक्षण - Shaurya Mail

Breaking News

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों का किया स्थलीय निरीक्षण

 कुंभ मेला-2027 की तैयारियों का किया स्थलीय निरीक्षण

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 23 फ़रवरी 2026

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को सुव्यवस्थित और समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मेलाधिकारी सोनिका ने सोमवार को कुंभ नगरी के विभिन्न क्षेत्रों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान मेला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैरागी कैंप, दक्ष क्षेत्र, जगजीतपुर, गौरीशंकर क्षेत्र और नजीबाबाद मार्ग स्थित कुंभ नगरी के प्रवेश स्थल प्वाइंट 4.2 का भ्रमण किया गया।

मेलाधिकारी ने भीड़ प्रबंधन, पार्किंग एवं ट्रैफिक नियंत्रण की प्रस्तावित योजनाओं की मौके पर समीक्षा करते हुए कहा कि कुंभ जैसे विराट आयोजन के लिए सुविचारित योजना, समन्वित कार्यप्रणाली और सतत निगरानी अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सेक्टरों में पार्किंग स्थलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए। पेयजल की निरंतर आपूर्ति,पर्याप्त शौचालय,नियमित साफ-सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन,समुचित प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। प्रत्येक सेक्टर में चिकित्सा सहायता केंद्र एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार में निर्माणाधीन रिंग रोड और नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) परियोजना को ध्यान में रखते हुए पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन की कार्ययोजना में आवश्यक संशोधन किए जाएं।

इस अवसर पर एसपी (सिटी) अभय सिंह ने भीड़ प्रबंधन एवं यातायात नियंत्रण की प्रस्तावित योजना की जानकारी दी,जबकि उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह ने संबंधित क्षेत्रों में प्रस्तावित व्यवस्थाओं की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!