एसडीजी रैंकिंग में नैनीताल रहा प्रथम, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित - Shaurya Mail

Breaking News

एसडीजी रैंकिंग में नैनीताल रहा प्रथम, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

 एसडीजी रैंकिंग में नैनीताल रहा प्रथम, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

उत्तराखंड(नैनीताल),सोमवार 24 मार्च 2025

नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडिया इंडेक्स रैंकिंग वर्ष 2023-24 में उत्तराखंड ने पूरे देश में 79 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया है। राज्य में जनपदों के मध्य स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बनाए रखने के लिए उत्तराखंड नियोजन विभाग ने जनपदवार एसडीजी रैंकिंग तैयार की गई। इस क्रम में सीपीपीजीजी (सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी एंड गुड गवर्नेंस) द्वारा वर्ष 2023-24 के लिए जारी जनपदवार एसडीजी रैंकिंग में नैनीताल जनपद ने 80 अंकों के साथ राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

इस उपलब्धि पर सोमवार को मुख्य सेवक सदन देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के मुख्य विकास अधिकारी अशोक पांडे को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया और नैनीताल जनपद को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य ने देशभर में प्रथम रैंकिंग प्राप्त कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इसमें नैनीताल जनपद का बड़ा योगदान है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी राज्य की यह रैंकिंग बरकरार रहे, इसके लिए सभी विभागों को और अधिक प्रयास करने की आवश्यकता है। बताया गया है कि एसडीजी रैंकिंग विभिन्न सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय मानकों के आधार पर तय की गई है। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, गरीबी उन्मूलन, लैंगिक समानता, जलवायु परिवर्तन, आर्थिक विकास, ऊर्जा तक पहुंच, जीवन गुणवत्ता जैसे क्षेत्रों में जनपदों के प्रदर्शन का आकलन किया गया। नैनीताल ने इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!