मंत्री धन सिंह रावत ने गंगोत्री धाम में स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायज - Shaurya Mail

Breaking News

मंत्री धन सिंह रावत ने गंगोत्री धाम में स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायज

 मंत्री धन सिंह रावत ने गंगोत्री धाम में स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायज

उत्तराखंड(उत्तरकाशी),रविवार 27 अक्टूबर 2024

शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को गंगोत्री धाम पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद चारों धामों में तीर्थयात्रियों व स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। अपने भ्रमण के दौरान उन्होंने हर्षिल में चिकित्सा ईकाई व विद्यालयों का निरीक्षण किया और विभागीय अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने यमुनोत्री धाम के बाद शनिवार को गंगोत्री धाम में स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हर्षिल, राजकीय ऐलोपैथिक चिकित्सालय गंगोत्री का औचक निरीक्षण कर मेडिकल स्टाफ से उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में जरूरी चिकित्सकीय उपकरण व जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान हर्षिल में मरीजों, तीमारदारों, तीर्थयात्रियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। साथ ही उनसे स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया।

मंत्री ने अपने दौरे के दौरान हर्षिल में राजकीय प्राथमिक विद्यालय तथा राजकीय इंटर कॉलेज का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने दोंनो विद्यालयों में छात्र-छात्राओं से मिलकर कर उनके पठन-पाठन की जानकारी ली और शिक्षकों को विद्यालयों में सकारात्मक शैक्षणिक माहौल बनाने व छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापरक शिक्षा मुहैया कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मंत्री ने भटवाड़ी विकासखंड के बार्सू गाँव पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं को सुना। इसके उपरांत उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए निर्देश दिए। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने क्षेत्र में एक वेलनेस सेंटर खोलने पर सहमति भी व्यक्त की।

भ्रमण के दौरान उत्तरकाशी जनपद के भाजपा जिलाध्यक्ष सत्येंद्र राणा और पूर्व ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी जगमोहन सिंह रावत भी मौजूद रहे।

गंगोत्री धाम में मां गंगा की पूजा-अर्चना की

मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने धर्मपत्नी डॉ. दीपा रावत के साथ गंगोत्री धाम में मां गंगा के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां गंगा से प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने गंगोत्री धाम के तीर्थ पुरोहितों से भेंट कर क्षेत्र के विकास एवं आवश्यकताओं पर चर्चा की। मंत्री ने तीर्थयात्रियों के अनुभव को और अधिक बेहतर बनाने के लिए तीर्थपुरोहितों से प्राप्त सुझावों पर शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!