कांग्रेस के लिए करो या मरो की तरह है लोकसभा चुनाव : कुमारी सैलजा - Shaurya Mail

Breaking News

कांग्रेस के लिए करो या मरो की तरह है लोकसभा चुनाव : कुमारी सैलजा

 कांग्रेस के लिए करो या मरो की तरह है लोकसभा चुनाव : कुमारी सैलजा

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 12 अप्रैल 2024

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने गुरुवार को राजपुर रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर टिहरी संसदीय क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी प्रचार का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। साथ ही टिहरी लोकसभा के उम्मीदवार जोत सिंह गुनसोला से भी मुलाकात कर चुनावी प्रचार की जानकारी ली।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भाजपा शासन में सबसे अधिक पीड़ित महिला, किसान, बेरोजगार नौजवान रहा है। कांग्रेस शासन में गरीब, महिला, बेरोजगार एवं युवाओं के विकास के लिए किए गए कार्यों को प्रचारित करते हुए महिला वोटरों पर विशेष फोकस करना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 13 अप्रैल को रामनगर और रुड़की में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगी। उनकी जनसभाओं में अधिक से अधिक महिलाओं को जुटाना है।

कांग्रेस के चुनावी न्याय पत्र में पांच न्याय-25 वादों को घर-घर पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार के दबाव में ईडी, सीबीआई के बाद अब आईटी विभाग का भी दुरुपयोग किया जा रहा है। विपक्षी दल के लोगों को डरा-धमकाकर भाजपा में शामिल किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया का अधिक से अधिक उपयोग कर भाजपा की कुटिल चालों का जवाब देते हुए कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में चुनावी तिथि तक लगातार माहौल तैयार करना होगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सामने लोकसभा चुनाव करो या मरो की तरह है। आपसी मतभेद भूलाकर एकजुटता से कांग्रेस उम्मीदवारों की विजय के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रचार में उत्तराखंड के प्रमुख मुद्दों महिला अत्याचार, अंकिता भंडारी हत्याकांड, अग्निवीर योजना, वन रैंक-वन पेंशन, बढ़ती बेरोजगारी, भर्ती घोटाले, पलायन की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए जनता के बीच ले जाना होगा।

फर्जी मतदान पर कांग्रेस की नजर-

प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी ने महिला कांग्रेस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला कांग्रेस समूह बना डोर-टू-डोर संपर्क कर महिलाओं के बीच माहौल बनाएं। उन्होंने कहा कि बूथ एजेंटों को भी चुनावी तिथि में मजबूती से बूथ पर डटे रहने के साथ फर्जी मतदान पर भी नजर बनाए रखनी होगी। मशीनों में गड़बड़ी की आशंका पर प्रदेश कार्यालय स्थित केंद्रीय कंट्रोल रूम से संपर्क कर तत्परता से सूचना देनी होगी।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी, उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, सह प्रभारी व विधायक दीपिका पांडेय सिंह आदि थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!