प्रदेश की 46 महाविद्यालयों की प्रयोगशालाएं नवीन उपकरणों से होंगी लैस, 5.30 करोड़ स्वीकृत - Shaurya Mail

Breaking News

प्रदेश की 46 महाविद्यालयों की प्रयोगशालाएं नवीन उपकरणों से होंगी लैस, 5.30 करोड़ स्वीकृत

 प्रदेश की 46 महाविद्यालयों की प्रयोगशालाएं नवीन उपकरणों से होंगी लैस, 5.30 करोड़ स्वीकृत

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 27 फरवरी 2024

राज्य की 46 राजकीय महाविद्यालयों में संचालित विभिन्न विषयों की प्रयोगशालाएं नवीन उपकरणों से लैस होंगी। इसके लिये राज्य सरकार ने 5.30 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कर दी है,जो भारत सरकार की स्कीम फाॅर स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फाॅर कैपिटल इंवेस्टमेंट 2023-24 योजना के तहत प्रदान की गई है। महाविद्यालयों को नैक मूल्यांकन कराने में भी सहूलियत मिलेगी।

उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ.धन सिंह रावत ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालयों को नई शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के अनुरूप विभिन्न स्तरों पर सुदृढ़ किया जा रहा है। इसके लिये महाविद्यालयों में संरचनात्मक ढांचा और शैक्षिक गतिविधियों को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश के 46 राजकीय महाविद्यालयों में संचालित विभिन्न विषयों की प्रयोगशालाओं का अपडेशन कर उनमें उच्च कोटि के उपकरण मय फर्नीचर के साथ उपलब्ध कराये जायेंगे। इसके लिये राज्य सरकार ने 5.30 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कर दी है।

विभागीय मंत्री डा. रावत ने कहा कि चयनित महाविद्यालयों में प्रयोगशाला उपकरण उपलब्ध कराने के लिये शीघ्र ही शासन स्तर से आदेश जारी कर दिये जायेंगे। इस संबंध में विभागीय उच्चाधिकारियों को निर्देश दे दिये गये हैं। महाविद्यालयों में नवीन प्रयोगशाला उपकरणों की उपलब्धता से जहां छात्र-छात्राओं को प्रयोगात्मक कार्यों को करने में आसानी होगी। साथ ही उनमें शोध के कार्यों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। इसके अलावा महाविद्यालयों को नैक की मान्यता लेने में भी आसानी रहेगी।
मंत्री डाॅ. रावत ने बताया कि प्रयोगशाला उपकरण क्रय करने के लिए भारत सरकार की स्कीम फाॅर स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फाॅर कैपिटल इंवेस्टमेंट 2023-24 योजना के तहत धनराशि प्रदान की गई है, जिससे चयनित महाविद्यालयों में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जन्तु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान,गृह विज्ञान,सैन्य विज्ञान,शिक्षाशास्त्र, मानव विज्ञान आदि विषयों की प्रयोगशालाओं में उपकरणों की खरीद की जायेगी।

योजना के अंतर्गत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत, अल्मोड़ा को विभिन्न विषयों की प्रयोगशाला उपकरण के लिए 14 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार पीजी काॅलेज सोमेश्वर एवं राजकीय महाविद्यालय जैती को 12-12 लाख की धनराशि मंजूर की गई। बागेश्वर जनपद के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय कपकोट एवं गरुड़ को 10-10 लाख और राजकीय महाविद्यालय काण्डा के लिये 12 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।

चम्पावत जनपद के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय देवीधुरा को 12 लाख और राजकीय महाविद्यालय अमोरी को 10 लाख की धनराशि प्रदान की गई है। पिथौरागढ़ जनपद के अंतर्गत राजकीय स्नातकोत्तर काॅलेज बेरीनाग के लिये 12 लाख और मुनस्यारी पीजी काॅलेज के लिये आठ लाख स्वीकृत किये गये हैं। नैनीताल में पीजी काॅलेज रामनगर को 14 लाख, डिग्री काॅलेज मालधनचौड़ को आठ लाख और डिग्री काॅलेज कोटाबाग और पीजी काॅलेज हल्दूचौड़ को 12-12 लाख स्वीकृत किये गये हैं। ऊधमसिंह नगर जनपद में डिग्री काॅलेज सितारगंज तथा बाजपुर के लिये 12-12 लाख की धनराशि मंजूर की गई है।

पौड़ी गढ़वाल में पीजी काॅलेज कोटद्वार एवं थलीसैंण को 14-14 लाख, डिग्री काॅलेज रिखणीखाल, भाबर कोटद्वार, सतपुली एवं पीजी काॅलेज जयहरीखाल को 12-12 लाख और मजरा महादेव महाविद्यालय को आठ लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। टिहरी गढ़वाल में पीजी काॅलेज नई टिहरी को 14 लाख, पीजी काॅलेज अगरोड़ा, नरेन्द्र नगर एवं लम्बगांव को 12-12 लाख और पीजी काॅलेज नैनबाग व चन्द्रबदनी को 10-10 लाख प्रदान किये गये हैं।

चमोली जनपद के तहत पीजी काॅलेज गोपेश्वर, कर्णप्रयाग एवं जोशीमठ को 12-12 लाख और लाॅ कालेज गोपेश्वर के लिये आठ लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। देहरादून जनपद में पीजी काॅलेज डाकपत्थर, डिग्री काॅलेज रायपुर और डोईवाला को 14-14 लाख, डिग्री काॅलेज त्यूनी के लिये 12 लाख की धनराशि प्रदान की गई है। इसी प्रकार उत्तरकाशी जनपद में पीजी काॅलेज उत्तरकाशी, बड़कोट, चिनयालीसौड़ व पुरोला के लिये 12-12 लाख, रुद्रप्रयाग जनपद में डिग्री काॅलेज रुद्रप्रयाग के लिये 12 लाख और डिग्री काॅलेज जखोली के लिये आठ लाख स्वीकृत किये गये हैं। हरिद्वार जनपद में डिग्री काॅलेज खानपुर और चुडियाला के लिये आठ-आठ लाख की धनराशि योजना के अंतर्गत स्वीकृत की गई है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!