जल जीवन मिशन के ठेकेदारों के भुगतान न होने पर 24 घंटे जल आपूर्ति बाधित रखी जाएगी की मिली धमकी
उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 04 अप्रैल 2026
देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन से जुड़े हुए ठेकेदारों ने माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित करते हुए एक पत्र जारी किया है जिसमें उल्लेख किया गया है कि जल जीवन मिशन से जुड़े हुए उत्तराखंड के जितने भी ठेकेदार हैं वह आगामी 6 अप्रैल 2026 को 24 घंटे के लिए प्रदेश के विभिन्न जगहों पर जल आपूर्ति पूर्णतः बंद कर देंगे एवं देहरादून में प्रदर्शन करेंगे। देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने बताया कि जल जीवन मिशन से जुड़े हुए ठेकेदारों को उनके काम का भुगतान नहीं किया गया है तथा उन पर प्रोजेक्ट के लिए जो लोन लिया गया हैं उसका ब्याज के साथ-साथ स्टाफ का पेमेंट एवं मशीन का किराया इन सभी के बोझ से दबे चले गए हैं और नौबत ऐसी आ गई है कि अगर जल्द से जल्द भुगतान नहीं किया गया तो हम भूखे मर जाएंगे।
अमित अग्रवाल ने कहा “हम समस्त ठेकेदारगण, जो जल जीवन मिशन हर घर जल योजना के अंतर्गत कार्य कर रहे हैं, पिछले कई वर्षों से निरंतर प्रशासनिक एवं विभागीय उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं। इस संबंध में हम कई बार शासन, उच्च अधिकारियों एवं मीडिया के माध्यम से अपनी समस्याओं से अवगत करा चुके हैं, किन्तु आज तक कोई संतोषजनक कार्यवाही नहीं की गई।
देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने बताया कि लंबे समय से भुगतान न होने के कारण ठेकेदारों की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। कई ठेकेदारों ने भूमि एवं आभूषण गिरवी रखकर तथा बैंक से ऋण लेकर कार्य पूर्ण किए हैं, परंतु वर्तमान स्थिति में वे ब्याज चुकाने में भी असमर्थ हो चुके हैं। हमें यह जानकारी प्राप्त हुई थी कि केंद्र सरकार द्वारा उत्तराखंड राज्य को लगभग ₹700 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराई गई है, परंतु वित्तीय वर्ष समाप्त होने के बावजूद यह राशि ठेकेदारों तक नहीं पहुंची है। अतः हम सभी ठेकेदारगण इस पत्र के माध्यम से शासन एवं प्रशासन को अंतिम चेतावनी देते हैं कि यदि हमारी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो हम बाध्य होकर निम्रलिखित कदम उठाएंगे।
” दिनांक 06.04.2026 को प्रातः 6:00 बजे से 07.04.2026 को प्रातः 6:00 बजे तक जल आपूर्ति पूर्णतः बंद रखी जाएगी। इस दौरान आम जनता को होने वाली असुविधा की पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों एवं शासन-प्रशासन की होगी।” “एवं दिनांक 06 अप्रैल 2026 को देहरादून में समस्त ठेकेदार एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।”
उन्होंने कहां यदि इसके पश्चात भी हमारी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो भविष्य में जल जीवन मिशन का संचालन पूर्ण रूप से बंद कर दिया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी। अतः गंभीर विषय पर तत्काल संज्ञान लेते हुए ठेकेदारों को न्याय प्रदान किया जाए।
अमित अग्रवाल ने बताया कि एसोसिएशन के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पदाधिकारीयों पर सभी ठेकेदार भाईयों का दबाव इतना बढ़ गया है की ठेकेदार भूखे मर रहे है और सरकार की तरफ से कोई सुनवाई नहीं हो रही। अपने ठेकेदार भाईयों के लिए यह निर्णय लेने पर एसोसिएशन को मजबूर होना पड़ रहा है जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी सरकार की और अधिकारियों कि होंगी।