प्रयागराज महाकुंभ-2025 के लिए आमंत्रण, उत्तराखंड के राज्यपाल से बेबी रानी मौर्य की शिष्टाचार भेंट
उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 13 दिसम्बर 2024
उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल और वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने गुरुवार को राजभवन में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) से शिष्टाचार भेंट की।
भेंट के दौरान बेबी रानी मौर्य ने राज्यपाल को प्रयागराज में 2025 में आयोजित होने वाले महाकुंभ में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने उत्तराखंड में राज्यपाल के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान बिताए यादगार अनुभवों और राज्य के विकास में किए गए प्रयासों को भी साझा किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री बृजेश सिंह भी उपस्थित रहे।