मुख्यमंत्री धामी को चम्पावत से आए होल्यारों ने दी होली की शुभकामनाएं - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री धामी को चम्पावत से आए होल्यारों ने दी होली की शुभकामनाएं

 मुख्यमंत्री धामी को चम्पावत से आए होल्यारों ने दी होली की शुभकामनाएं

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 25 फरवरी 2026

जनपद चम्पावत के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से आए होल्यारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री आवास पर पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की और पारंपरिक अंदाज में होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर होल्यारों ने कुमाऊं अंचल की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रदर्शन करते हुए खड़ी एवं बैठकी होली के पारंपरिक लोकगीतों का गायन किया। मुख्यमंत्री ने होल्यारों का आत्मीय स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि समृद्ध लोकसंस्कृति, शास्त्रीय संगीत परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि चम्पावत सहित कुमाऊं क्षेत्र की खड़ी और बैठकी होली अपनी विशिष्ट शैली, राग-रागिनियों की शास्त्रीयता और भक्ति भाव से परिपूर्ण प्रस्तुति के कारण देशभर में विशेष पहचान रखती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परंपरा राज्य की सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है, जिसे संजोकर रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार लोक कला, लोक संगीत और पारंपरिक उत्सवों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से प्रदेश की विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जा रही है।

होल्यारों ने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर प्रगति की कामना करते हुए पारंपरिक मंगल गीत प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने भी प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता, सुख और समृद्धि लेकर आए तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता के रंग में रंगने का संदेश देता है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!