स्वास्थ्य सचिव बोले-कोरोना से घबराने की आवश्यकता नहीं,सतर्कता बरतने की अपील - Shaurya Mail

Breaking News

स्वास्थ्य सचिव बोले-कोरोना से घबराने की आवश्यकता नहीं,सतर्कता बरतने की अपील

 स्वास्थ्य सचिव बोले-कोरोना से घबराने की आवश्यकता नहीं,सतर्कता बरतने की अपील

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 01 जनवरी 2024

स्वास्थ्य विभाग की ओर से सर्दी के मौसम में आम जनमानस से कोरोना और इन्फ्लूएंजा जैसे रोगों को लेकर सावधानी और सतर्कता बरतने की अपील की गई है। राज्य में लंबे समय बाद कोरोना के 02 मामले सामने आये हैं। नए वेरिएंट जेएन.1 की पहचान के लिए दोनों संक्रमित मरीजों के सैंपल को जिनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है।

देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती रहे 77 वर्षीय व्यक्ति में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है। मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। मरीज पूर्व से ही कई अन्य बीमारियों से ग्रसित हैं। जिनका उपचार अस्पताल से चला है। मरीज के परिजनों के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है। स्वास्थ्य में पहले के मुकाबले सुधार है और वह घर पर ही होम आइसोलेशन में हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीज के परिजनों के सम्पर्क में है और उनके स्वास्थ्य पर नज़रें बनाये हुए हैं।
दून अस्पताल में भर्ती 72 वर्षीय महिला में भी कोविड की पुष्टि हुई है। महिला को दून अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों की टीम महिला के स्वास्थ्य पर नज़रें बनाई हुई है।

सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री कोविड प्रबंधन को लगातार फीडबैक ले रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कोविड प्रबंधन को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूर्ण रूप से तैयार है। सभी जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और चिकित्सा अधीक्षकों को चिकित्सालय स्तर पर कोविड के उपचार को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण रखने के निरंतर निर्देश दिए गए हैं। मॉक ड्रिल के माध्यम से तैयारी की निगरानी भी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम दोनों रोगियों और उनके परिवारजनों से निरंतर संपर्क में है और चिंता का कोई विषय नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की टीम रोगी के निवास स्थान पर नियंत्रण एवं रोकथाम कार्यवाही के लिए भेजी गई हैं। सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को कोविड प्रबंधन के लिए की जाने वाली किसी भी कार्रवाई में कोताही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!