एचडीएफसी बैंक और स्माइल फाउंडेशन ने की उत्तर भारत में 8 मोबाइल मेडिकल यूनिट तैनात करने की घोषणा
उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 26 मार्च 2026
एचडीएफसी बैंक ने गुरुवार को घोषणा कि उसने स्माइल फाउंडेशन के साथ साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत उत्तर भारत के दूरदराज के इलाकों में 8 मोबाइल मेडिकल केयर यूनिट्स की तैनाती की जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य 4 लाख से ज़्यादा लोगों तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना है।
बैंक के सीएसआर कार्यक्रम ‘परिवर्तन’ के तहत यह पहल जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब और उत्तराखंड को कवर करेगी। अप्रैल 2026 से मार्च 2028 तक इस पहल का संचालन किया जायेगा।
बैंक ने बताया कि ये मोबाइल केयर यूनिट ओपीडी कंसल्टेशन, जांच संबंधी सुविधाएं, मुफ्त दवाएं और सार्वजनिक स्वास्थ्य केंद्रों से रेफरल लिंकेज जैसी सेवाएं उपलब्ध कराएंगे।
इस कार्यक्रम में माँ और बच्चे की सेहत, ब्लड प्रेशर, शुगर और खून की कमी जैसी बीमारियों की जांच, और स्कूल में साफ-सफाई, पोषण और पीरियड्स की जानकारी देने पर भी जोर दिया जाएगा।
इस पहल के बारे में बोलते हुए एचडीएफसी बैंक की सीएसआर हेड नुसरत पठान ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित क्षेत्रों में कमियों को पाटने के लिए इन यूनिट्स की तैनाती की गई है।
स्माइल फाउंडेशन के एक्जीक्यूटिव ट्रस्टी और को-फाउंडर शांतनु मिश्रा ने कहा कि यह साझेदारी अंतिम स्तर तक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के कदम को बेहतर बनाएगी और सरकार के प्रयासों में सहयोग प्रदान करेगी।
स्माइल फाउंडेशन इस प्रोग्राम को लागू करेगा। इसके तहत मेडिकल स्टाफ की तैनाती और इंडियन काउंसिल ऑफ़ मेडिकल रिसर्च के तय प्रोटोकॉल का पालन किया जायेगा, साथ ही लाभार्थियों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्कीम से जोड़ा जाएगा।