हरिद्वार पुलिस ने एक कंकाल को भी दिलाया न्याय - Shaurya Mail

Breaking News

हरिद्वार पुलिस ने एक कंकाल को भी दिलाया न्याय

 हरिद्वार पुलिस ने एक कंकाल को भी दिलाया न्याय

हरिद्वार में करीब एक सप्ताह पहले रानीपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित भेल में झाड़ियों में मिले महिला के कंकाल के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कंकाल सिडकुल की एक कंपनी में काम करने वाली युवती का था। उसके प्रेमी ने ही गला दबाकर हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया था। जहां शव पड़ा-पड़ा कंकाल बन गया। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मंगलवार को रोशनाबाद पुलिस कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि बीती 26 जुलाई को टिबड़ी से बीएचईएल की तरफ जाने वाले मार्ग पर झाड़ियों में एक महिला का कंकाल मिला था। 30 जुलाई को रामप्रसाद पुत्र सलेखू हाल निवासी रावली महदूद ने सिडकुल थाने में अपनी बेटी रवीना के 11 जुलाई से लापता होने की शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि आस पड़ोस और मूल पते कीरतपुर बिजनौर में तलाश करने के बाद भी वह नहीं मिल पाई है। इसके बाद गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
कोतवाली रानीपुर, थाना सिडकुल व सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम ने मृतका के पुराने सिम की सीडीआर से सामने आए तमाम लोगों से पूछताछ की। जिसके बाद सिडकुल ही एक कंपनी में बतौर सुपरवाइजर काम कर रहे मृतका के प्रेमी पुनीत निवासी धामपुर बिजनौर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरा सच उगल दिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक व मृतका के विभिन्न पहचान पत्र भी बरामद कर लिए गए हैं।

अलग-अलग जाति से थे दोनों

एसएसपी ने बताया कि रवीना और आरोपी पुनीत के बीच बीते कई वर्षों से प्रेम संबंध थे। लेकिन अलग-अलग जाति से ताल्लुक रखने के कारण परिजन दोनों के विवाह के लिए राजी नही थे। रिश्ता न हो पाने पर आरोपी पुनीत ने फरवरी माह में किसी अन्य युवती से शादी कर ली थी और रवीना की भी सगाई हो चुकी थी। लेकिन शादी के बाद भी पुनीत उसे कहीं और शादी करने से मना करते हुए प्रेम संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा था। दबाव से तंग आकर रवीना ने पुराना सिम बदलने के बाद नया सिम चालू कर दिया। जिस पर पुनीत ने तैश में आकर रवीना को 11 जुलाई को सुनसान जगह पर ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!