राज्यपाल ने किया एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित
उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 03 फरवरी 2026
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने वाले उत्तराखण्ड के एनसीसी कैडेट्स को लोक भवन, देहरादून में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया।
इस वर्ष उत्तराखण्ड से कुल 172 एनसीसी कैडेट्स नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड और संबंधित कार्यक्रमों में शामिल हुए। परेड में मानसी विश्वकर्मा ने गर्ल कंटिन्जेंट की परेड कमांडर के रूप में नेतृत्व किया। 28 जनवरी को दिल्ली कैंट स्थित करिअप्पा परेड ग्राउंड में आयोजित प्रधानमंत्री रैली में उत्कर्ष शर्मा ने परेड कमांडर की भूमिका निभाई।
राज्यपाल ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिविर और गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेना अनुशासन, कठोर परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह अनुभव जीवनभर स्मृति बनकर रहता है और कैडेट्स को देश और समाज के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है।
राज्यपाल ने मानसी विश्वकर्मा की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने कर्तव्य पथ पर नेतृत्व कर यह दिखाया कि आज की भारतीय नारी न केवल सहभागिता करती है, बल्कि नेतृत्व भी करती है। साथ ही, प्रिंस सिंह राणा को ड्रोन प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रक्षा मंत्री पदक से सम्मानित किए जाने की सराहना की।
उन्होंने कहा कि आज का युग तकनीक और नवाचार का है और उत्तराखण्ड के एनसीसी कैडेट्स ने यह साबित किया कि वे पारंपरिक सैन्य अनुशासन के साथ-साथ ड्रोन, रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों में भी दक्ष हैं।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी निदेशालय के अधिकारियों ने कैडेट्स की चयन प्रक्रिया और गणतंत्र दिवस गतिविधियों की जानकारी राज्यपाल को दी। कैडेट्स ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को और आकर्षक बनाया।
राज्यपाल ने सभी कैडेट्स को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में एनसीसी अधिकारियों और प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।-