पटवाडांगर में कुमाऊं विश्वविद्यालय के नये-मेरु परिसर का शिलान्यास - Shaurya Mail

Breaking News

पटवाडांगर में कुमाऊं विश्वविद्यालय के नये-मेरु परिसर का शिलान्यास

 पटवाडांगर में कुमाऊं विश्वविद्यालय के नये-मेरु परिसर का शिलान्यास

उत्तराखंड(नैनीताल),सोमवार 18 मई 2026

कुमाऊँ विश्वविद्यालय के तीसरे, प्रस्तावित मेरु परिसर का शिलान्यास सोमवार को उत्तराखंड के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया। प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम ऊषा) की मेरु यानी मल्टी डिसिप्लिनरी एजुकेशन एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी योजना के अंतर्गत पटवाडांगर में विकसित किए जा रहे इस परिसर में दो अकादमिक ब्लॉक, छात्रावास एवं चार उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इस अवसर पर संरक्षित ‘पटवा उद्यान’ का भी लोकार्पण किया गया।

उत्तराखंड जैव प्रौद्योगिकी परिषद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मेरु परिसर उत्तराखंड को अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप, आयुष, जैव प्रौद्योगिकी और आधुनिक विज्ञान के क्षेत्र में नई पहचान देगा। उन्होंने कहा कि हिमालयी औषधीय पौधों एवं वेलनेस लाइफस्टाइल पर प्रस्तावित शोध स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को नई दिशा देगा।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने बताया कि पीएम ऊषा योजना के अंतर्गत देश के 26 विश्वविद्यालयों को 100 करोड़ रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है, जिसमें कुमाऊं विश्वविद्यालय भी शामिल है। उन्होंने बताया कि पटवाडांगर में 26.4 एकड़ भूमि पर मेरु परिसर विकसित किया जा रहा है। प्रथम चरण में दो अकादमिक ब्लॉक के निर्माण के लिए 2623.36 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि छात्र-छात्राओं के लिए 40-40 क्षमता वाले बालक एवं बालिका छात्रावासों का निर्माण भी प्रस्तावित है।

परिसर में सेंटर फॉर एडवांस कम्प्यूटिंग, हिमालयन मेडिसिनल प्लांट्स एंड वेलनेस लाइफस्टाइल, बायोमेडिकल साइंसेज एंड नैनोटेक्नोलॉजी तथा केंद्रीय उपकरण सुविधा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, पूर्व सांसद डॉ. महेंद्र पाल, प्रभारी कुलसचिव राकेश विश्वकर्मा, वित्त नियंत्रक कमलेश भंडारी सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!